शामली

‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’: गाना पोस्ट करने के 1 घंटे बाद सिंगर अंकित बालियान की हत्या, गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी

Ankit Baliyan Murder Case Update: सोशल मीडिया पर रील, एक घंटे बाद ताबड़तोड़ फायरिंग...UP के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की दिनदहाड़े 18 राउंड फायरिंग कर हत्या कर दी गई। जानिए मामले में बड़ा अपडेट...
3 min read
• •
Aug 27, 2026
Haryanvi Singer Ankit Baliyan
हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान (फाइल फोटो)

Ankit Baliyan Murder Case: उत्तर प्रदेश के शामली में जाने-माने हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर 32 वर्षीय अंकित बालियान की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी गई। इंस्टाग्राम पर 'मर्डर मार दे सड़क के ऊपर' गाना गाते हुए एक रील पोस्ट करने के करीब 1 घंटे बाद ही अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद हरियाणा के गोगी गैंग ने हत्याकांड की पूरी जिम्मेदारी ली है। अंकित इन दिनों शामली में जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे। बता दें कि अंकित फेमस भले हरियाणवी गानों के लिए हुए, लेकिन उनका जन्म शामली में ही हुआ था।

जिम के बाहर 18 राउंड फायरिंग

यह वारदात बुधवार शाम की है। शामली के बंतीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान रोज की तरह शाम करीब 4 बजे आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम पहुंचे थे। शाम करीब 7 बजे जब वे जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो कार के पास पहुंचे तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने 18 राउंड गोलियां चलाईं जिनमें से 5 गोलियां अंकित के पेट और सिर में लगीं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोगी गैंग के भोलू शाहपुरिया ने ली जिम्मेदारी

हत्याकांड के कुछ ही घंटों बाद गोगी गैंग के सदस्य और सोनीपत निवासी भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर हत्या की जिम्मेदारी ली। उसने लिखा कि अंकित बालियान का मर्डर मैंने करवाया है... क्योंकि वह हमारे दुश्मनों का साथ देता था और उसने हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर गाना बनाया था। यह तो सिर्फ शुरुआत है जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा उसका यही अंजाम होगा।

Ankit Baliyan Murder Case

50 मिलियन व्यूज वाला गाना हो चुका है बैन

अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम थे। 15 जनवरी, 2023 को उनका एक गाना 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' रिलीज हुआ था जो काफी हिट रहा था। हालांकि गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में इस गाने को बाद में पुलिस द्वारा बैन कर दिया गया था। बैन होने से पहले इस गाने को 50 मिलियन से भी ज्यादा बार देखा जा चुका था। अंकित 50 से अधिक हरियाणवी गानों में काम कर चुके थे और इन दिनों 20 नए गानों पर भी काम कर रहे थे।

मां बोलीं, मेरे बेटे ने कभी किसी का बुरा नहीं किया

अंकित बालियान की निर्मम हत्या के बाद उनकी मां गहरे सदमे में हैं और उन्होंने प्रशासन से सख्त न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि, मेरे बेटे ने अपनी जिंदगी में कभी किसी का कोई बुरा नहीं किया था। वहीं इस खौफनाक वारदात के बाद अंकित के परिजनों का कहना है कि उन्हें हमलावरों की पहचान के बारे में कोई भी जानकारी नहीं है। परिवार फिलहाल इस बात से पूरी तरह अनजान है कि जिम के बाहर यह अंधाधुंध गोलीबारी आखिर क्यों और कैसे हुई?

हरियाणा भेजी गईं पुलिस की 4 टीमें

इस हत्याकांड के बाद शामली में भारी तनाव का माहौल है। परिजनों और प्रशंसकों ने अंकित का शव सड़क पर रखकर लंबा जाम लगाया। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति को संभाला। मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने बताया कि शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर की पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है। हरियाणा के शूटर्स के शामिल होने के शक में पुलिस की 4 टीमें हरियाणा भेजी गई हैं और गोगी गैंग के कनेक्शन को पूरी तरह खंगाला जा रहा है। CCTV फुटेज में बिना नंबर प्लेट की दो बाइकों पर 4 हमलावर कैद हुए हैं जिनकी तलाश जारी है।

Also Read
View All