
नेपाल की बाढ़ में बहकर UP पहुंचे हाथी (फोटो- X/ @saurabhsawarn1)
Nepal Flood News: नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने जहां इंसानों पर कहर बरपाया है वहीं बेजुबान जानवर भी इस प्राकृतिक आपदा का बुरी तरह शिकार हो रहे हैं। नेपाल से आई भयानक बाढ़ के तेज पानी में बहकर 4 से 5 हाथी उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पहुंच गए हैं। कैलाशपुरी बैराज क्षेत्र में घाघरा जिसे करनाली नदी भी कहा जाता है उसके उफान में फंसे इन हाथियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन विभाग की टीम ने इन हाथियों को सुरक्षित बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रहे इस मार्मिक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाढ़ के तेज बहाव में हाथी किस तरह अपनी जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष कर रहे हैं। वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ये हाथी नेपाल से बहकर कैलाशपुरी बैराज की तरफ आ गए हैं। पानी में 4 से 5 हाथी फंसे हुए हैं जो खुद को सतह से ऊपर रखने और डूबने से बचाने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं।
नेपाल से होते हुए जब बाढ़ का पानी उत्तर प्रदेश की करनाली नदी में दाखिल हुआ तो ये बेजुबान जानवर भी तेज बहाव के साथ यहां तक आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए नदी का फ्लो कम कराया जिसके बाद सभी हाथी नदी के किनारे पहुंचे। वहीं किनारे आने के बाद वन विभाग की टीम ने सभी हाथियों को सुरक्षित बाहर निकाला और वन की तरफ भेज दिया।
इस दर्दनाक वीडियो ने इंटरनेट पर लोगों को काफी भावुक कर दिया है। लोग हाथियों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि, 'लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि इस तरह की त्रासदियों में जानवरों को भी भारी कष्ट सहना पड़ता है।' वहीं एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि, 'बेजुबान जानवरों को पानी में इस तरह जिंदगी के लिए संघर्ष करते देख दिल टूट जाता है ईश्वर इनकी रक्षा करें।'
गौरतलब है कि नेपाल और तिब्बत सीमा पर भोटे कोशी नदी में अचानक आई भयानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। तिब्बत की ओर से आए पानी के तेज बहाव ने नेपाल के रसुवा जिले के टिमुरे और स्याप्रु बेसी जैसे इलाकों को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। तेज पानी और मलबे ने कई बस्तियों, सड़कों और अन्य ढांचों को नुकसान पहुंचाया। इस भयानक त्रासदी में अब तक 160 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि सैकड़ों लोग अभी भी लापता हैं। नेपाल और भारत के राहत बचाव दल लगातार मलबे में लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
Updated on:
27 Aug 2026 03:21 pm
Published on:
27 Aug 2026 03:21 pm
