
शामली. लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस का पूरा फोकस यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर है। यहीं वजह है कि पार्टी कड़ी मेहनत में जुटी है। इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की सहारनुपर, बिजनौर और शामली में अलग-अलग चुनावी रैलियों को संबोधित करना था। खराब मौसम की वजह से प्रशासन की तरफ से हेलीकॉप्टर उतरने की परमिशन नहीं दी गई। जिसकी वजह से सभी रैलियां रद्द कर दी गई हैं।
कैराना लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हरेन्द्र मलिक के समर्थन में शामली के वीवी पीजी कॉलेज में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी व पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया की एक जनसभा होनी थी। जनसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों की भीड़ उमड़ी। राहुंल और प्रियंका की सहारनपुर के बाद शामली में जनसभा होनी थी, लेकिन प्रशासन ने मौसम खराब होने का हवाला देते हुए सहारनपुर के बाद शामली में भी हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमत्ति नही दी, जबकि शहर के आरके इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर को अनुमति दी गई।
पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने फोन पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की जनसभा हो रही है। कांग्रेस नेताओं को जनसभा करने से भाजपा रोक रही है। साजिश की तहत भाजपा ने राहुल और प्रियंका गांधी के हेलीकॉप्टर को उतरने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने किसानों को 72 हजार रूपये देने का वादा किया है। इसे पूरा करके दिखाया जाएगा। हरेन्द्र मलिक ने कहा कि भाजपा बोखला गई है। उन्होंने कहा कि शामली में भी भीड़ को देखते हुए मौसम खराब होने का बहाना बनाते हुए हेलीकॉप्टर के उतरने की परमिशन नहीं दी। वहीं भाजपा नेताआें ने आरोपो को गलत बताया है।