श्योपुर

श्योपुर के विधायक बोले “मुझे नहीं चाहिए हजारों-लाखों रुपए, खाते में नहीं डालें रकम”

Sheopur MLA Babu Jandel -विधायक का वॉट्सऐप हैक, 60 हजार रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक मांगे, परेशान विधायक ने श्योपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
2 min read
Jul 03, 2026
Sheopur Congress MLA Babu Jandel mobile hacked
mla babu jandel (फोटो- सोशल मीडिया)

MLA Babu Jandel - श्योपुर के कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल नई परेशानी में फंस गए हैं। उन्हें लोगों से हाथ जोड़कर कहना पड़ रहा है कि मुझे पैसों की जरूरत नहीं है। कृपया मेरे खाते में रकम नहीं डालें। विधायक बाबू जंडेल का मोबाइल हैक हो जाने के कारण यह स्थिति बनी है। हैकर ने विधायक के परिचितों, समर्थकों और अन्य लोगों से हजारों, लाखों रुपए मांगे। जब विधायक बाबू जंडेल को इस बात की सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की शिकायत की। साथ ही सोशल मीडिया में भी लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि मुझे कोई आर्थिक सहायता नहीं चाहिए।

हैकर्स ने उनके परिचितों, रिश्तेदारों से 60 हजार से 1 लाख रुपए तक की आर्थिक मदद मांगी

विधायक बाबू जंडेल का वॉट्सऐप हैक हो गया। हैकर्स ने उनके नंबर से परिचितों, रिश्तेदारों से 60 हजार से 1 लाख रुपए तक की आर्थिक मदद मांगी। कुछ लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने सीधे विधायक बाबू जंडेल से संपर्क किया। तब पता चला कि उनका वॉट्सऐप हैक हो चुका है और उनके नाम से ठगी की कोशिश की जा रही है।

पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई

विधायक बाबू जंडेल ने गुरुवार को पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा कि हैकर्स ने उनके मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करते हुए लोगों से 60 हजार रुपए की आर्थिक मदद मांगी। ये पूरी तरह फर्जी मैसेज थे। विधायक ने बताया कि कई लोगों ने मुझसे पैसों के मैसेज की पुष्टि के लिए संपर्क किया तब पता चला कि मोबाइल हैक किया गया है।

मुझे पैसोें की कोई जरूरत नहीं है, खातों में कुछ नहीं डालें

पुलिस को शिकायत के साथ ही विधायक बाबू जंडेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मुझे पैसोें की कोई जरूरत नहीं है, खातों में कुछ नहीं डालें। विधायक बाबू जंडेल ने कहा कि मैंने किसी से पैसे नहीं मांगे हैं। उनके मोबाइल नंबर से फर्जी मैसेज भेजे गए हैं।

श्योपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बीच विधायक बाबू जंडेल अपने मिलने जुलनेवालों से ज्यादा से ज्यादा लोगों, समर्थकों और परिचितों तक यह जानकारी देने को कह रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके मोबाइल नंबर से कॉल कर या मैसेज कर कोई पैसे मांगे तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। किसी भी खाते में पैसे न डालें और ऐसी स्थिति में तत्काल मुझे या पुलिस को सूचित करें।

Updated on:
03 Jul 2026 09:44 am
Published on:
03 Jul 2026 09:43 am