श्योपुर

एमपी में बांध के बीच में पहुंच गए विधायक, पानी में डूबकर किया जल सत्याग्रह

Babu jandel- जल सत्याग्रह करने बांध के बीच पहुंच गए श्योपुर विधायक बाबू जंडेल, पानी में डूबकर किया विरोध प्रदर्शन
2 min read
Nov 11, 2025
Sheopur MLA Babu Jandel reached the dam to conduct a water satyagraha
जल सत्याग्रह करने बांध में पहुंच गए श्योपुर विधायक बाबू जंडेल

Babu Jandel- मध्यप्रदेश में इस बार अति बारिश और खराब मौसम के कारण कई ​इलाकों में फसल बर्बाद हुई है। प्रदेश में खरीफ की दोनों प्रमुख फसलें- धान और सोयाबीन बुरी तरह प्रभावित हुईं। फसल खराब हो जाने से किसानों का खासा नुकसान हुआ जिसकी भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की जा रही है। इसके लिए किसान आंदोलनों, प्रदर्शनों पर उतर आए हैं। प्रदेश के श्योपुर में भी धान की फसल के मुआवजे की मांग की जा रही है। किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए कांग्रेस आंदोलन कर रही है। इसके अंतर्गत श्योपुर के विधायक बाबू जंडेल ने जल सत्याग्रह किया। वे बंजारा डैम के बीच पहुंच गए और नदी के पानी में खड़े होकर धान का मुआवजा मांगा।

धान की फसल खराब हो जाने से श्योपुर में किसानों को खासा नुकसान हुआ है। इससे मानो उनकी कमर ही टूट गई है। पहले से ही कर्ज के जाल में फंसे इन किसानों की माली हालत और खराब हो गई है। परेशानी से बचाने के लिए उन्हें उचित मुआवजा देने की मांग की जा रही है।

श्योपुर के धान किसानों को मुआवजे देने की मांग के समर्थन में कांग्रेस आंदोलन की राह पर है। जिला किसान कांग्रेस के बैनर तले इसके लिए कांग्रेसियों और किसानों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है।

पानी में ही योग मुद्राओं का भी अभ्यास किया

मंगलवार को कांग्रेस के धरने का चौथा दिन है। इस दिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जल सत्याग्रह किया गया। श्योपुर के कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने शहर के बंजारा डैम में सीप नदी पर जल सत्याग्रह किया। वे कुछ अन्य कांग्रेसियों के साथ बांध के बीच में गए और पानी में ही कुछ योग मुद्राओं का भी अभ्यास किया।

बीच बांध में जल सत्याग्रह के दौरान विधायक बाबू जंडेल ने अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ धान किसानों के लिए मुआवजा के लिए आवाज बुलंद की। बंजारा डैम में कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए तुंरत मुआवजा दिए जाने की मांग की। विधायक बाबू जंडेल और उनके साथियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Updated on:
11 Nov 2025 03:25 pm
Published on:
11 Nov 2025 03:17 pm