
Shivpuri News :मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से चोरी हुई करीब 400 साल पुरानी 3.5 टन वजनी अष्टधातु की तोप की तलाश अब राजस्थान के करौली जिले तक पहुंच गई है। बुधवार को मध्य प्रदेश पुलिस को मिले खुफिया इनपुट के आधार पर करौली पुलिस के सहयोग से हिण्डौन सदर थाना क्षेत्र के गांवड़ा मीणा में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और कई स्थानों पर जेसीबी से खुदाई भी कराई गई, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि चोरी की गई ऐतिहासिक तोप को राजस्थान के करौली जिले के अंतर्गत आने वाले गांवड़ा मीणा इलाके में लाकर छिपाया गया है। इसी आधार पर नरवर थाना पुलिस पहले भी यहां पड़ताल कर चुकी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार को एक बार फिर मध्य प्रदेश और करौली पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव और आसपास के जंगलों में संदिग्ध स्थानों की सघन तलाशी ली।
गांव में दिनभर हलचल
सदर थाना प्रभारी गिरिराज जाटव ने बताया कि, अभियान में करौली जिले के विभिन्न थानों से पहुंचे 50 से 60 पुलिसकर्मी शामिल रहे। दो राज्यों की पुलिस की एक साथ मौजूदगी से गांव में दिनभर हलचल और सन्नाटे का माहौल बना रहा।
मेटल डिटेक्टर से जांच, कई जगह हुई खुदाई
पुलिस को आशंका थी कि, भारी-भरकम तोप को जमीन में दबाकर छिपाया गया हो सकता है। इसे देखते हुए भरतपुर पुलिस रेंज से मेटल डिटेक्टर टीम बुलाकर संदिग्ध स्थानों की जांच कराई गई। इसके बाद जेसीबी से कई स्थानों पर खुदाई भी कराई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
क्या है पूरा मामला?
शिवपुरी जिले के नरवर थाना इलाके में स्थित 16वीं शताब्दी के ऐतिहासिक नरवर किले से लगभग 400 साल पुरानी 3.5 टन वजनी अष्टधातु की तोप चोरी हो गई थी। पुलिस के अनुसार, चोरों ने 5 जुलाई को पहली बार तोप हटाने की कोशिश की थी, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद 15 जुलाई की रात वाहन की मदद से तोप चोरी कर ले गए। जांच एजेंसियों को आशंका है कि, वारदात के पीछे अंतरराष्ट्रीय पुरावशेष तस्करों का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
इलाके में कैंप कर रही है एमपी पुलिस
हिंडौनसिटी डीएसपी मुनेश कुमार के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस की सूचना के आधार पर गांवड़ा मीणा में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। मेटल डिटेक्टर से जांच और कई स्थानों पर खुदाई कराई गई। फिलहाल, शिवपुरी पुलिस की टीम क्षेत्र में कैंप कर रही है।
आगे भी जारी रहेगा सर्च ऑपरेशन
एमपी में स्थित नरवर थाना प्रभारी विजय कुमार यादव के अनुसार, मिले सुरागों के आधार पर संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई है। उच्च अधिकारियों के निर्देशन में सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।