
Shivpuri Social Media Comment Arrest: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा थाना पुलिस ने ब्राह्मण व जाटव समाज के लोगों और महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर अराजकता फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने मथुरा (उत्तरप्रदेश) से पकड़ा है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे शिवपुरी लेकर आई और करैरा कोर्ट में पेश किया। आरोपी के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज होने के कारण कोर्ट ने वारंट बनाकर आरोपी को जेल भेज दिया।
करैरा अनुविभाग के ग्राम बैसोरा निवासी आजाद लोधी ने ब्राह्मण व जाटव समाज के लोगों पर एक के बाद एक अभद्र टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द को खराब करने का काम किया था। आरोपी के खिलाफ करैरा व पिछोर थाने में प्रकरण दर्ज कराए गए थे। साथ ही सर्व समाज ने मिलकर रैली निकालते हुए आरोपी आजाद लोधी को पकड़कर उसका जुलूस निकालने के साथ ही जिलाबदर करने की कार्रवाई की मांग की थी। उसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस को आरोपी के मथुरा में छिपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस की एक टीम मथुरा पहुंची और शुक्रवार शाम को आरोपी आजाद लोधी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस टीम आरोपी को करैरा लेकर आई थी। बताया गया है कि पुलिस आरोपी का जुलूस निकालने वाली थी लेकिन फिर सुरक्षा के मद्देनजर उसे सीधे करैरा कोर्ट में पेश किया गया।
दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपी आजाद लोधी पर अलग-अलग पुलिस थानों में मिलाकर कुल 8 प्रकरण दर्ज है और दिनारा पुलिस ने इस आरोपी को गुंडा लिस्ट में शामिल कर इसका जिलाबदर का प्रस्ताव बनाकर वरिष्ठ कार्यालय भेज दिया है। जल्द ही आरोपी को जिलाबदर करने की कार्रवाई की जाएगी।