शिवपुरी

शिवपुरी में एसपी बंगले से 200 मीटर दूर बैंक में लूट की कोशिश, बदमाशों ने स्टाफ पर तानी पिस्टल

Bank Robbery Attempt: शाम 7 बजे बैंक में घुसे दो हथियारबंद बदमाश, पिस्टल दिखाकर स्टाफ को धमकाते हुए मांगा कैश, तीसरा साथी खड़ा था बाहर।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 9:27 PM IST
shivpuri central bank
central bank robbery attempt, बैंक में जांच करने पहुंची पुलिस (Source-Patrika)

Shivpuri Bank Robbery Attempt: मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एसपी बंगले से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश की गई है। गुरुवार शाम 7 बजे हथियारबंद बदमाश बैंक में घुसे और पिस्टल दिखाकर बैंक स्टाफ को धमकाते हुए कैश मांगा। इस दौरान बदमाशों का एक साथी बैंक के बाहर खड़े होकर पहरेदारी कर रहा था। बैंक में हुई लूट की कोशिश की घटना बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है जिसमें दो बदमाश बैंक के अंदर पिस्टल लिए नजर आ रहे हैं।

बैंक में लूट की कोशिश

बताया जा रहा है कि बदमाश एक बाइक से आए थे और दो बदमाश शाम 7 बजे बैंक के अंदर दाखिल हुए। बैंक के अंदर पहुंचते ही दोनों बदमाशों ने बैंक में मौजूद स्टाफ को पिस्टल दिखाकर डराया और पैसों की मांग की। जिस पर बैंक स्टाफ ने बताया कि बैंक का काम बंद हो चुका है और मैनेजर चाबी लेकर जा चुके हैं। इस कारण बदमाशों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। बदमाश करीब 5 मिनट में ही बैंक से वापस चले गए। घटना के समय दो बदमाश अंदर गए थे जबकि तीसरा साथी बाहर खड़ा था। बाद में तीनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। बदमाश नकाबपोश थे, इसलिए स्टाफ उनका चेहरा नहीं देख पाया।

पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति, एसडीओपी सचिन धुर्वे और कोतवाली टीआई पुनीत कुमार बाजपेई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक अधिकारियों से पूछताछ कर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि 16 अक्टूबर की रात भी अज्ञात चोरों ने इसी बैंक में चोरी का प्रयास किया था। बैंक प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस उस मामले को ट्रेस कर पाती उससे पहले ही यह दूसरी वारदात हो गई। बीच बाजार और एसपी बंगले के पास हुई इस घटना से बैंक कर्मचारियों में दहशत है। बड़ी बात यह है कि बैंक प्रबंधन ने सुरक्षा के लिए कोई गार्ड भी तैनात नहीं किया है।

Updated on:
29 Oct 2026, 9:27 PM IST
Published on: