शिवपुरी

जिस भाई को इंजीनियर बनाना था, उसका शव देखकर रो पड़ा बड़ा भाई, शिवपुरी में सपनों के साथ टूटा परिवार

Ajit Dhakad Death: पिता के निधन के बाद छोटे भाई को पढ़ा रहा था बड़ा भाई, रविवार रात किराए के कमरे में मृत मिला छोटा भाई।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 5:03 PM IST
elder brother wept upon seeing body of sibling
elder brother wept upon seeing body of sibling, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (Source-Chatgpt)

Shivpuri Ajit Dhakad Death: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के रातीकिरार गांव में रहने वाले धाकड़ परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब घर के छोटे बेटे की मौत की खबर घर पहुंची। परिवार का छोटा बेटा 18 वर्षीय अजीत धाकड़ राजस्थान के कोटा में रहकर जेईई (JEE) की तैयारी कर रहा था। रविवार रात को पीजी के कमरे में अजीत का शव उसके साथियों ने देखा और पुलिस व परिजन को सूचना दी। देर रात में ही परिजन शिवपुरी से कोटा पहुंच गए थे। सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शिवपुरी लेकर आए।

बड़ा भाई उठा रहा था जिम्मेदारी

रातीकिरार गांव का रहने वाला 18 वर्षीय अजीत धाकड़ कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहा था। करीब 4 साल पहले ही अजीत के पिता अशोक धाकड़ का निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद बड़ा भाई दिव्यांश धाकड़ परिवार की पूरी जिम्मेदारी उठा रहा है, वो छोटे भाई अजीत को इंजीनियर बनाना चाहता था और इसलिए करीब 6 महीने पहले ही जेईई की तैयारी के लिए कोटा भेजा था। बड़ा भाई दिव्यांशु अजीत से बेहद प्यार करता था और उसकी हर छोटी-मोटी जरुरतों का ध्यान भी रखता था।

कमरे में मृत मिला अजीत

परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह अजीत से फोन पर बात हुई थी, दोपहर में 3 बजे उसका टेस्ट होना था। साथियों ने बताया कि टेस्ट देने के बाद अजीत कमरे पर आया और उसके बाद बाहर नहीं निकला। रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद टहलने के लिए साथियों ने अजीत को आवाज दी तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अजीत ने दरवाजा नहीं खोला तो पीजी संचालक को सूचना दी गई। संचालक ने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर अजीत मृत पड़ा था जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी।

Updated on:
26 Oct 2026, 5:03 PM IST
Published on: