शिवपुरी

शिवपुरी में सिलेंडर नहीं, पेट्रोल-डीजल में आग लगने से हुआ विस्फोट; मासूम की मौत, 4 झुलसे

Fuel Explosion Incident: गैस सिलेंडर फटने की उड़ी थी अफवाह, बाद में पता चला डीजल-पेट्रोल में आग से हुआ था विस्फोट, उप्र में सस्ता लाकर खनियाधाना में कई परचून की दुकानों पर खुले में बिकता है डीजल-पेट्रोल।

2 min read
shivpuri news
fuel explosion incident child killed four injured, घर में आग लगने से बच्ची की मौत, 4 लोग झुलसे (source-patrika)

Shivpuri Fuel Explosion Incident: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना से 8 किमी दूर गूडर गांव में बुधवार सुबह जो आगजनी की बड़ी घटना हुई। उसमें पहले गैस सिलेंडर फटने की अफवाह उड़ रही थी, लेकिन बाद में जब मौके पर देखा गया तो आगजनी की वजह कुछ और निकली। मौके पर गैस सिलेंडर तो सही मिला लेकिन घर में कैनो में पेट्रोल-डीजल रखा हुआ था। पेट्रोल-डीजल में आग लगने की वजह से ही घर में बड़ा विस्फोट हुआ। हादसे में एक मासूम की मौत हो गई तो वहीं 4 लोग भी आग में गंभीर रुप से झुलस गए जो ग्वालियर अस्पताल में जिंदगी व मौत से लड़ रहे हैं।

डीजल-पेट्रोल में आग लगने से हुआ विस्फोट

गूडर गांव में रहने वाले प्राणसिंह प्रजापति के मकान में बुधवार को विस्फोट के साथ आग लगने की घटना हुई। बताया जा रहा है कि आग गैस सिलेंडर से लगी और कुछ ही दूरी पर रखे पेट्रोल-डीजल के कैनों तक पहुंच गई। पेट्रोल-डीजल तक आग के पहुंचने से आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में तेज विस्फोट हुआ। जिससे मकान की छत व दीवार गई। घटना में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई जबकि 4 लोग गंभीर रुप से झुलस गए। जिस बच्ची की मौत हुई है वो घटना के वक्त दादा के साथ बैठी हुई थी, दादा बाल-बाल बच गए। हालांकि परिवार के अन्य लोगों को आग से बचाते वक्त वो भी घायल हुए हैं।

देखें वीडियो-

जेसीबी से हटाया मलबा, तब मिला मासूम का शव

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आग को बुझाने में अपने पूरे प्रयास किए और फिर एक घंटे बाद दमकल आई जिसने आग पर जैसे-तैसे काबू पाया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। मलबा हटाने के दौरान ही 4 वर्षीय जानवी का शव बरामद हुआ। जबकि घटना में प्राण सिंह प्रजापति, पत्नी रोशनी प्रजापति, डेढ़ साल का बेटा शिवा व पड़ोसी अंकेश (10) घायल हैं। सभी को ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल में इलाज जारी है।

पीड़ित परिवार को दिया मदद का आश्वासन

हादसे की जानकारी मिलते ही शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया, विधायक प्रीतम लोधी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बचाव और राहत कार्यों की जानकारी ली। इतना ही नहीं विधायक ने जहां पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तो वहीं कलेक्टर वर्मा ने अभी 5 हजार रुपए की दाह संस्कार की राशि दी है। मामले में जांच कर पीड़ित परिवार को मकान टूटने से लेकर हर संभव मदद की जाएगी। घायलों की मदद व इलाज के लिए एक तहसीलदार को भी ग्वालियर भेजा गया है।

उत्तर प्रदेश से सस्ता पेट्रोल-डीजल लाकर बेचते हैं

खनियाधाना नगर में ही करीब 30 दुकानों व आसपास सभी ग्राम पंचायतों में कई स्थानों पर लोग उत्तर प्रदेश से 12 रुपए सस्ता डीजल-पेट्रोल लाकर मध्यप्रदेश के रेट पर बेचते हैं। बता दें कि खनियाधाना से राजघाट व उत्तर प्रदेश की सीमा महज 30 से 35 किमी है। यहां पर कई सालों से बड़े पैमाने पर दुकानदार उप्र से डीजल व पेट्रोल ड्रमों में भरकर लेकर आते है और फिर इसकी बिक्री यहां पर करते हैं। इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन फिर हादसों से सबक नहीं लिया गया है।

Published on:
17 Jun 2026 09:50 pm