
Shivpuri Liquor Shop: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में लगातार दूसरे दिन शराब दुकान पर हमले की घटना सामने आई है। बुधवार रात करीब 9 बजे जिले के अमोला थाना क्षेत्र के थरखेड़ा गांव में स्थित शराब दुकान पर महिलाओं और ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। गुस्साए लोगों ने दुकान में रखी शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंक दीं और इस दौरान कुछ ग्रामीण शराब लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और सूचना मिलते ही पुलिस व आबकारी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बुधवार रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में महिलाएं व स्थानीय लोग अचानक थरखेड़ा गांव स्थित शराब दुकान पर पहुंचे और हमला बोल दिया। महिलाओं व लोगों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और कुछ लोग शराब लूटकर भी ले गए। काफी देर तक शराब दुकान पर हंगामा होता रहा, जिसके वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में महिलाएं शराब की पेटियां सड़क पर फेंकती नजर आ रही हैं और शराब दुकान के सामने भीड़ लगी भी दिख रही है।
बता दें कि एक दिन पहले ही अमोला कॉलोनी क्रमांक-2 स्थित शराब दुकान पर भी हमला हुआ था। तब महिलाओं ने शराब दुकान में घुसकर शराब की पेटियां बाहर निकालकर आग लगा दी थी। इस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे। अब बुधवार को लगातार दूसरे दिन थरखेड़ा गांव में शराब दुकान पर हुई घटना ने आबकारी और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है।
गौरतलब है कि सागर जिले में हुए शराब कांड में 30 लोगों की मौत के बाद शिवपुरी जिले में कई जगह शराब दुकानों का विरोध हो रहा है। दो दिनों में हुई ये दो घटनाएं उसी विरोध का हिस्सा बताई जा रही हैं। बताया गया है कि ग्रामीण शराब दुकानों को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग कर रहे हैं। लगातार हो रही तोड़फोड़ की घटनाओं से प्रशासन तनाव में है और सुरक्षा बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।