शिवपुरी

Shivpuri News: लोधी युवा संघ के जिलाध्यक्ष पर दो दिन में 3 FIR, पुलिस ने अब तक नहीं की गिरफ्तारी

Lodhi Yuva Sangh Leader FIR: ब्राह्मण व सर्व समाज पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप, करैरा व पिछोर में दर्ज हुईं एफआईआर, मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने नहीं किया आरोपी को गिरफ्तार।
2 min read
Shivpuri Lodhi Yuva Sangh Leader FIR
lodhi yuva sangh leader azad lodhi three fir police action, आरोपी आजाद लोधी की तस्वीर (Source-Patrika)

Shivpuri Lodhi Yuva Sangh Leader FIR: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा व पिछोर थाने में लोधी युवा संघ के जिलाध्यक्ष आजाद लोधी पर बीते दो दिनों में तीन प्रकरण दर्ज हुए हैं। आरोपी पर ब्राह्मण समाज के अलावा सर्व समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। इस पूरे मामले को लेकर ब्राह्मण सहित सभी समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पिछोर में इस घटना को लेकर प्रदर्शन भी किया गया। बड़ी बात यह है कि दोनों थानों की पुलिस ने अभी तक आरोपी आजाद लोधी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई नहीं की है। जबकि आरोपी पर एक दिन पहले दिनारा थाने में भी एक राशन की दुकान के दलित सेल्समैन के खिलाफ गाली-गलौच व अभद्रता करने का मामला दर्ज हुआ था।

ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप

ग्राम बुंदावली व वर्तमान में करैरा की टीला रोड पर रहने वाले विपिन शर्मा ने 25 अगस्त की रात करैरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। विपिन शर्मा ने खुद को ब्राह्मण समाज करैरा का उपाध्यक्ष बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है जिसमें लोधी युवा संघ जिलाध्यक्ष आजाद लोधी (निवासी बैसोरा कला) ब्राह्मण समाज की बहू-बेटियों को लेकर कथित तौर पर अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। आरोपी के इस कृत्य से ब्राह्मण समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुईं हैं और समाज में आक्रोश है। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया।

पिछोर थाना प्रभारी को आवेदन देते ब्राह्मण समाज के लोग (Source-patrika)

पिछोर में ब्राह्मण समाज के लोगों ने किया प्रदर्शन

जिले के पिछोर थाने में बुधवार सुबह ब्राह्मण समाज सहित जाटव समाज एवं अन्य समाज के लोग एकत्रित हुए। काफी देर तक प्रदर्शन करने के उपरांत उन्होंने अभद्र टिप्पणी करने वाले एक युवक पर एफआईआर दर्ज कराई। मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि हाल ही में आजाद लोधी ने ब्राह्मण समाज की महिलाओं को लेकर अपशब्द कहे। वहीं एक जाटव समाज के सेल्समेन युवक को लेकर जाति सूचक अपशब्दों का प्रयोग किया। आजाद नाम के इस व्यक्ति ने अन्य समाजों को लेकर भी अपमानजनक शब्द कहे। इससे सभी में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने थाना प्रभारी नीतू सिंह को अपने अपने ज्ञापन देते हुए युवक पर पुलिस प्रकरण कायम करने और कठोर कार्रवाई करने की बात कही।

प्रदेशभर में प्रदर्शन की चेतावनी

समाज के लोगों ने कहा कि इस तरह के व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में आपस में वैमनस्यता फैला रहे हैं। यदि ऐसे व्यक्तियों पर प्रशासन शिकंजा नहीं कसता है, तो प्रदेश भर में ज्ञापन सौंपे जाएंगे और आंदोलन होगा। मामले में पुलिस ने आजाद लोधी पर ब्राह्मण समाज तथा जाटव समाज की शिकायत पर मामला पंजीबद्ध कर लिया है। इधर इस पूरे मामले में पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने सफाई देते हुए कहा कि उनका आरोपी से कोई लेना देना नही हैं। आरोपी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Updated on:
26 Aug 2026 09:49 pm
Published on:
26 Aug 2026 09:49 pm