शिवपुरी

अचानक रात 1 बजे के बाद घर से गायब हुईं बहनें, शिवपुरी में दो दिन बाद कुएं में मिले शव

Missing Cousin Sisters Death: 16 और 17 साल की दोनों चचेरी बहनों के शव कुएं में मिलने से मचा हड़कंप, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस।
2 min read
shivpuri
Missing minor Cousin Sisters Found Dead in Well After Two Days, कीर्ति धाकड़ और पूनम धाकड़ की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source- patrika)

Shivpuri Missing Cousin Sisters Death: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना अंतर्गत डेहरवारा गांव में शनिवार को एक कुएं में दो चचेरी बहनों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों बहनें दो दिन पहले अपने घर से रात 1 बजे के बाद अचानक से गायब हो गई थीं। जिनकी गुमशुदगी भी परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। दोनों बहनों के शव कुएं में मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की।

रात 1 बजे के बाद घर से गायब हुईं

डेहरवारा गांव में रहने वाले राजेंद्र धाकड़ की बेटी कीर्ति धाकड़ (16) व उनके भाई सुघर सिंह धाकड़ की बेटी पूनम धाकड़ (17) गत 16 जुलाई की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गई थीं। परिजनों की मानें तो रात 1 बजे जब परिवार के सदस्य जागे तो दोनों बेटियां सो रही थीं। इसके बाद अचानक से दोनों बेटियां गायब हो गईं। परिजनों ने रात से लेकर दोपहर तक काफी तलाशा, लेकिन जब दोनों का कोई पता नहीं चला, तो तेंदुआ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

दो दिन बाद कुएं के पास मिलीं चप्पलें

पुलिस ने अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज कर मामले की पड़ताल की तो मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर एक युवक के बारे में जानकारी लगी। पुलिस ने उस युवक को पकड़कर पूछताछ की तो उसने बताया कि दोनों लड़कियों को किसी बात पर परिजनों ने डांटा था। इसके बाद क्या हुआ उसे कुछ नहीं पता? शनिवार को सुबह ग्रामीणों ने खोजबीन की तो घर से करीब 300 मीटर दूर एक कुएं के पास लड़कियों की चप्पलें मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

40 फीट पानी निकालने के बाद मिले शव

पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 70 फीट गहरे कुएं का लगभग 40 फीट पानी मोटर की मदद से निकलवाया। पानी कम होने के बाद ग्रामीणों की सहायता से कुएं में तलाश की गई, इस दौरान दोनों नाबालिगों के शव बरामद हुए। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी ग्रामीण इसी कुएं से पानी भरकर ले गए थे, लेकिन उस समय किसी को कुएं में शव होने की भनक तक नहीं लगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों नाबालिग रात में किन परिस्थितियों में घर से बाहर निकलीं और उनकी मौत कैसे हुई। गांव में हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

Updated on:
18 Jul 2026 09:34 pm
Published on:
18 Jul 2026 08:46 pm