MP News: बोलेरो में सवार थे तीन लोग, राहत की बात तीनों को आईं मामूली चोटें, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर लोगों को कुएं से बाहर निकाला।
MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने सूखे कुएं में जा गिरी। बोलेरो में तीन लोग सवार थे राहत की बात ये है कि तीनों को मामूली चोटें आईं हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कुएं में गिरे बोलेरो सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बोलेरो सवार सभी लोग अशोकनगर से शिवपुरी लौट रहे थे।
शिवपुरी जिले व अशोकनगर की सीमा व बदरवास के पास मौजूद अखाई घाट के पास रविवार देर शाम 7 बजे एक बोलेरो वाहन सूखे कुएं में जा गिरा। घटना की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों के साथ रेस्क्यू कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि वाहन में सवार 3 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिनको प्राथमिक इलाज के लिए बदरवास अस्पताल लाया गया है। वाहन अभी भी कुएं में ही पड़ा हुआ है। यह सभी लोग अशोकनगर से शिवपुरी आ रहे थे, तब यह हादसा हुआ।
शिवपुरी के फिजिकल निवासी सचिन पुत्र सतीश बाथम, वंदना आदिवासी व केशव यादव किसी काम से अशोकनगर एक बोलेरो वाहन में सवार होकर गए थे। तीनों लोग काम खत्म कर रविवार देर शाम अशोकनगर से वापस शिवपुरी के लिए बोलेरो से निकले थे। रास्ते में जैसे ही यह लोग अशोकनगर के नई सराय थाना क्षेत्र के अखाई घाट के पास पहुंचे तो वाहन अनियंत्रित हो गया और अनियंत्रित होकर रोड किनारे बने एक सूखे कुएं में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार तीनों लोगों को मामूली चोटें आई हैं। वाहन कुएं में गिरने के बाद गाड़ी में सवार सचिन ने खुद डायल 112 को कॉल किया। सूचना मिलते ही थाना बदरवास से डायल 112 के सैनिक अंकेश रघुवंशी व पायलट नवल भिलाला मौके पर पहुंचे और फिर आसपास के लोगों के साथ रस्सी से रेस्क्यू कर तीनों लोगों को कुएं में से बाहर निकाला और बदरवास अस्पताल लेकर आए।
बदरवास अस्पताल में तीनों लोगों को प्राथमिक इलाज दिया गया और क्योंकि चोटें मामूली थीं और लोगों की हालत ठीक थी इसलिए उन्हें कुछ ही देर में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों लोग सचिन बाथम, वंदना आदिवासी और केशव यादव अस्पताल से शिवपुरी के लिए किसी दूसरे वाहन से रवाना हो गए हैं। बोलेरो गाड़ी फिलहाल कुएं में ही गिरी हुई है जिसे निकलवाने की व्यवस्था बाद में की जाएगी।