mp news: युवक होली मनाने के लिए अपने रिश्तेदार के घर आया था और उसका इन आरोपियों से कोई लेना-देना तक नहीं था।
mp news: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के सिरमौद थाना क्षेत्र में 3 मार्च को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले तो युवक के साथ मारपीट की थी और फिर ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी। खेत की मेड को लेकर हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने के लिए युवक पहुंचा था, उसका आरोपियों से कोई लेना-देना नहीं था।
घटना जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के मानक बसई गांव की है जहां 3 मार्च को दोपहर में खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम करते समय मेड को लेकर जाटव समाज के लोगों का रावत समाज के युवक से विवाद हुआ था। बताया गया है कि बृजेश रावत अपने खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान पड़ोसी गांव भरका निवासी बीपी सिंह जाटव और अनिल जाटव अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे। जुताई के दौरान मेड को लेकर बृजेश और बीपी सिंह व अनिल जाटव के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद होते ही बीपी सिंह व अनिल जाटव ने अपनी समाज के लोगों को बुला लिया और बृजेश के साथ मारपीट शुरु कर दी।
बृजेश के साथ हो रही मारपीट और शोर सुनकर बृजेश की बुआ का बेटा अभिषेक (निवासी कुंवरपुर), चाचा वासुदेव, भाई रतन सिंह और चाचा का बेटा अरविंद बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचे। अभिषेक होली मनाने के लिए मामा के घर पर आया था। बीच बचाव कर रहे अभिषेक पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और फिर ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में ब्रजेश रावत की शिकायत पर से आरोपी बीपी सिंह जाटव, रामसिंह जाटव, अनिल जाटव, नरेंद्र जाटव, करण उर्फ पप्पू जाटव एवं काशीराम जाटव निवासीगण ग्राम भरका पर हत्या का मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टैक्टर, लोहे का सरिया एवं लाठियों को जप्त किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय शिवपुरी में पेश किया जहां से उनको जेल भेजा गया है। आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी मुकेश दुबोलिया सहित उनकी टीम की भूमिका रही।