
Pritam Lodhi KP Singh controversy: अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार प्रीतम लोधी ने पूर्व विधायक केपी सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रीतम लोधी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी कर आरोप लगाया है कि केपी सिंह सीधे-सीधे समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। यह काम कुछ दलाल नेताओं के जरिए कराया जा रहा है। ढाई साल से पिछोर में शांति थी, लेकिन कुछ लोगों को यह शांति पच नहीं रही है।
प्रीतम लोधी ने आगे कहा- ये (केपी सिंह) वही नेता हैं जिन्होंने लोधी समाज व पिछोर की जनता को बेचा है। जनता को उपयोग का सामान बताते हैं। ऐसे नेताओं को शर्म आनी चाहिए, जिन्होंने जनता को बेचने का काम किया है। अब जनपद और जिला पंचायत के चुनाव आने वाले हैं। इसलिए यह नेता फिर से सक्रिय हो गए हैं। यह पिछोर बचाओ नहीं, बल्कि पिछोर को बेच के आओ अभियान है। विधायक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पिछोर की जनता सीधी है, लेकिन अब जागरूक होने की जरूरत है। जब ये नेता वोट मांगने आएं तो इन्हें भगवान की कसम देकर पूछना कि तुमने हमें कितने में बेचा है और आगे कितने में बेचोगे। प्रीतम लोधी ने कहा कि इन नेताओं को शिवपुरी विधानसभा में जनता के बीच जाना चाहिए तब वहां की जनता सवाल करेगी।
देखें वीडियो-
प्रीतम लोधी ने आगे कहा- ये बिकने वाले नेता प्रीतम और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देते हैं। जो नेता मोदी को गाली देते हैं, उनके नंबर भले ही राहुल गांधी के सामने बढ़ते हों, लेकिन जनता के बीच उनके नंबर कम होते हैं। पिछोर में भी यही हालात हैं। यह नेता प्रीतम को गाली देकर केपी सिंह के सामने नंबर बढ़ा लेते है, लेकिन जनता के बीच यह नंबर कम हो जाते है। उन्होंने कहा कि मैं पिछोर को नया पिछोर बनाने आया हूं। मैं यहां राजनीति, व्यापार या धंधा करने नहीं आया, बल्कि सेवा करने आया हूं। केपी सिंह जो पैसा इन नेताओं को दे रहा है, मैं उन नेताओं से कहता हूं कि यह पैसा जनता की भलाई में खर्च कर दो। साथ ही प्रीतम ने कहा कि इन नेताओं की 99 गाली सुनना और फिर अगर कोई गाली दे तो इन नेताओं की डेंटिंग और पेटिंग करना है।
बता दें कि पिछोर क्षेत्र में लोधी समाज के कुछ भाजपा नेता ही विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इनमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित पडेरिया, कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद लोधी, जिला पंचायत सदस्य मनीराम लोधी सहित अन्य नेता शामिल हैं। इन नेताओं ने ही पिछोर बचाओं के नाम से 8 सितंबर को कार्यक्रम आयोजित किया है।