
Shivpuri Pregnant Woman Death: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में बुधवार को हुई एक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। यहां दोपहर में एक गर्भवती महिला ने अपने 6 साल के बेटे के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। महिला अपनी तीन बेटियों को भी कूएं में लेकर कूदने वाली थी लेकिन सही वक्त पर बड़ी बेटी ने दो छोटी बेटियों को पीछे खींच लिया जिससे उनकी जान बच गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मां-बेटे के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
गूंगरगांव में रहने वाली 35 वर्षीय अंजती रावत और उसके 6 साल के बेटे प्रशांत रावत की कुएं में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक अंजली दोपहर में अपनी तीनों बेटियों और बेटे प्रशांत को लेकर घर से निकली थी। अंजली घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित कुएं पर पहुंची थी। कुछ देर बाद अंजली की बड़ी बेटी भागती हुई घर पहुंची और मां व छोटे भाई प्रशांत के कुएं में कूदने के बारे में बताया। इसके बाद परिजन कुएं पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
अंजली की बड़ी बेटी मोनिका ने बताया कि मां जैसे ही कुएं के पास पहुंची तो उसने रोकने की कोशिश की लेकिन मां नहीं मानी। उसने तुरंत अपनी दोनों छोटी बहनों का हाथ पकड़ लिया और पीछे खींच लिया जिससे उनकी जान बच गई। ग्रामीणों ने बताया कि अंजली आठ महीने की गर्भवती थी और उसके पति धर्मवीर सिंह की करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी और उसके बाद से ही अंजली मानसिक तनाव में रहती थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच करने की बात कह रही है।