श्रावस्ती

यूपी पुलिस का ताबड़तोड़ हाफ एनकाउंटर, चार जिलों में तड़तड़ाईं गोलियां… कई बदमाश चढ़े पुलिस हत्थे

यूपी पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ तेज, जौनपुर, श्रावस्ती, गोंडा और वाराणसी में मुठभेड़। कई इनामी बदमाश गिरफ्तार, कुछ घायल। सर्राफा लूट, हत्या समेत कई मामलों में बड़ी कार्रवाई, अभियान जारी।

2 min read
मुठभेड़ में घायल बदमाश फोटो सोर्स विभाग

यूपी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान जारी है। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत जौनपुर, श्रावस्ती, गोंडा और वाराणसी में लगातार मुठभेड़ हुईं। इन कार्रवाइयों में कई इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े, जबकि कुछ को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जाएगी।

यूपी के कई जिलों में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक जौनपुर, श्रावस्ती, गोंडा और वाराणसी में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इन अभियानों में करीब आधा दर्जन अपराधी घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए हैं।

इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, किसी वारदात की फिराक में था

श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश संजय लोनिया को घेराबंदी के बाद पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की। जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पैर में गोली मार दी। संजय पर कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वह इलाके में किराए का कमरा लेकर किसी वारदात की तैयारी में था।

सर्राफा लूट कांड के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

गोंडा जिले में करनैलगंज पुलिस और एसओजी टीम ने सर्राफा लूट से जुड़े आरोपियों को धर दबोचा। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी बृजेश शुक्ला घायल हो गया। जबकि उसका साथी अमर शुक्ला को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से लूट के जेवर, नकदी और बाइक बरामद की है। पूछताछ में गिरोह के कई राज खुलने की बात सामने आई है।

कारोबारी की हत्या के आरोप में दो सगे भाई पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

वाराणसी में भी पुलिस ने दो सगे भाइयों मनीष राजभर और आशीष राजभर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। दोनों पर एक कारोबारी की हत्या का आरोप है। और इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने पहले फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

जौनपुर पुलिस की अलग-अलग स्थान पर मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

जौनपुर जिले में भी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कई वांछित अपराधियों को पकड़ा। हत्या के आरोपी विकास यादव और शातिर अपराधी अजय यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वे घायल हो गए। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस का कहना अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा

इसके अलावा दूल्हा हत्याकांड से जुड़े आरोपियों की मदद करने वाले दो लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Published on:
05 May 2026 02:05 pm