सीधी

मध्यप्रदेश के इन इलाकों में हाथियों ने मचाया उत्पात, ग्रामीणों ने छोड़ा घर, स्कूलों में हुई सरकारी छुट्टी

दूसरे दिन भी जारी रहा उत्पात: कुंदौरवासियों ने दहशत में गुजारी रात, हाथियों ने क्षतिग्रस्त किए दर्जनभर घर

2 min read
Aug 07, 2018
elephant attack
elephant rampage in sidhi madhya pradesh

सीधी। कुसमी अंचल के कुंदौर गांव में छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान से आए हाथियों का उत्पात दूसरे दिन भी जारी रहा। बीती रात उन्होंने आधा दर्जन मकान क्षतिग्रस्त कर दिए। जबकि इससे पहले शनिवार की रात भी हाथियों ने गांव में जमकर तांडव मचाया था। इसे लेकर ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने घर छोड़ दिया है। वन अमले ने उन्हें ई-पंचायत भवन में ठहरा रखा है। इधर, खतरे को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों की भी छुट्टी करा दी है।

ये है मामला
पोंड़ी परिक्षेत्र सहायक लक्ष्मण प्रसाद दुबे ने बताया, 4 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी। जिसके बाद करीब 10 बजे मौके पर जाकर पग मार्ग देखे थे। ये मवई नदी पार कर जनकपुर रेंज से आए हैं और आर-321 व 323 के जंगल में डेरा जमाए हुए हैं। देर रात गांव पहुंच जाते हैं और यहां घरों में तोडफ़ोड़ कर वहां रखा सामान खा जाते हैं। यह सिलसिला बीते तीन दिन से चल रहा है।

आधा दर्जन घर क्षतिग्रस्त

रविवार-सोमवार की दरिम्यानी रात इन्होंने करीब आधा दर्जन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। परिक्षेत्र सहायक दुबे के मुताबिक, झुंड में दो बच्चे सहित पांच हाथी हैं। इनमें से एक बच्चा बीमार है, संभवत: उसके पैर में चोट है, जिससे चल नहीं पा रहा। अनुमान है कि उसके ठीक होने तक ये हाथी यहीं रहेंगे।

दूसरी रात ये हुए प्रभावित
हाथियों ने पहले दिन आधा दर्जन घर छतिग्रस्त कर दिए थे। वहीं दूसरी रात भी वे शिवचरण सिंह पिता सोनशाय, लक्षिमन पिता दधिबल सिंह, दलप्रताप पिता हीरा सिंह, गंभीर पिता रामलाल सिंह, प्रेमवती पति रामलखन सिंह का माकान ध्वस्त कर अनाज खा गए। साथ ही उनकी फ सलें भी खराब कर दी।

स्कूलों में छुट्टी
कुंदौर के घने जंगलों में हाथियों का डेरा व गांव में उनके उत्पात को देखते हुए कलेक्टर के आदेश पर कुंदौर की सभी प्राथमिक, माध्यमिक व हाइस्कूल में अवकाश घोषित कर दिया गया है। सोमवार को सभी स्कूल बंद रहे।

Published on:
07 Aug 2018 03:54 pm