सीधी

MP के सरकारी शिक्षक के ‘3 घरों’ पर EOW का छापा, करोड़ों की कमाई का खुलासा

EOW Raid: सीधी में एक सरकारी शिक्षक के ठिकानों पर EOW की बड़ी कार्रवाई। आय से कई गुना ज्यादा संपत्ति मिलने से मचा हड़कंप।
2 min read
Dec 05, 2025
EOW Raid Government Teacher Abhimanyu Singh Properties sidhi mp news
EOW Raids Government Teacher Abhimanyu Singh Properties sidhi (Patrika.com)

MP News: मध्य प्रदेश के सीधी में शुक्रवार तड़के ईओडब्ल्यू ने एक सरकारी शिक्षक के तीन मकानों पर छापा मारा। छापा सुबह 5 बजे एक साथ मारा। रीवा इओडब्ल्यू की 6 सदस्यीय टीम ने यह कार्रवाई पटेल पुल स्थित आवास और मड़वास में बने दो अन्य घरों पर की। कुसमी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल खोखरा में पदस्थ शिक्षक अभिमन्यु सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अपने सरकारी कार्यकाल में आय से कई गुना अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) अर्जित की।

आय से अधिक संपत्ति का है मामला

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की प्रारंभिक जांच के अनुसार, वर्ष 1998 से फरवरी 2025 तक उनकी वैध आय के अनुसार कुल संपत्ति 57.28 लाख रुपये होनी थी, जबकि जांच टीम को इससे कहीं अधिक संपत्ति मिलने का अनुमान है। EOW ने भोपाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

FIR के अनुसार शिक्षा विभाग में पदस्थ अभिमन्यु सिंह पर सरकारी धन के फर्जी भुगतान के भी आरोप हैं। जांच में पाया गया कि आरोपी ने विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों, स्टेशनरी, फर्नीचर, खेल सामग्री, स्कॉलरशिप, छात्रावास खर्च और अन्य मदों में फर्जी बिल लगाकर और दोहरी पर्चियां बनाकर गलत रूप से लाखों-करोड़ों रुपये निकाल लिए। कई मदों में आवश्यकता से अधिक राशि स्वीकृत कर अवैध भुगतान किया गया। कुल 4.36 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने के भी प्रमाण मिले हैं।

जांच होने के बाद बताएंगे डिटेल- टीआई

रीवा ईओडब्ल्यू टीआई हरीश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भोपाल में आर्थिक अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। इसके बाद शिक्षक की संपत्तियों पर छापे मारे गए। अभी कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। संपत्तियों के बारे में लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। छापेमारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद पूरी जानकारी जारी की जाएगी।

अभी भी जारी है कार्रवाई

बता दें कि, शिक्षक के घर में ईओडब्ल्यू की कार्रवाई जारी है। कई दस्तावेज, बैंक डिटेल्स और प्रॉपर्टी रिकॉर्ड जब्त किए जा रहे हैं।

Updated on:
05 Dec 2025 06:49 pm
Published on:
05 Dec 2025 09:41 am