निर्माण कार्य होंगे प्रभावित, कलेक्ट्रेट से जारी हुआ आदेश
सीधी। जिले में शुक्रवार से रेत निकासी पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यहां संचालित रेत की वैध खदानें भी 30 सितंबर तक बंद रहेंगी। कलेक्टर खनिज शाखा सीधी ने आदेश जारी कर खनिज निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि 29 जून को निरीक्षण कर रेत उत्खनन बंद कराकर कार्यालय को सूचित करें।
जारी आदेश में उल्लेख किया है कि 28 जून से 30 सितंबर तक रेत खदानोंं से उत्खनन कार्य पूर्ण रूपेण बंद होने का प्रमाण-पत्र खदान संचालकों को देना होगा। इसके बाद किसी प्रकार का उत्खनन, परिवहन करते पाए जाने पर सुरक्षा निधि राजसात कर खदान निरस्त कर कर दी जाएगी।
ये है मामला
रेत को लेकर जिले में पहले से ही मारामारी मची हुई है। आवश्यकता अनुरूप उपलब्धता नहीं हो पा रही थी। क्योंकि पर्याप्त रेत केवल भुमका खदान में ही थी, इसके अलावा जिले की अन्य रेत खदानें छोटी हैं। भुमका खदान की रेत सीधी, रीवा, सतना सहित उप्र के कई जिलों तक जाती थी। बाहर अधिक कीमत मिलने से कारोबारी भी बाहर सप्लाई में ज्यादा रुचित दिखाते हैं।
कार्यों पर ज्यादा असर पडऩे की उम्मीद
जिस कारण जिले में रेत की किल्लत बनी हुई है। और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब रेत निकासी प्रतिबंधित हो जाने से निर्माण समस्या और बढ़ जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों पर ज्यादा असर पडऩे की उम्मीद है। रेत के अभाव में आवासों का निर्माण कार्य प्रभावित होने से प्रशसन के समक्ष लक्ष्य पूर्ति का भी संकट पैदा हो सकता है।
जिले में संचालित हैं रेत की चार वैध खदान
जिले में मुख्य रूप से चार रेत की वैध खदान संचालित हैं, जिसमें महान नदी मेंं भुमका रेत खदान, कमचड़, पोंड़ी व देवरी रेत खदान संचालित हैं। ये चारों रेत खदान जिले के मझौली विकासखंड क्षेत्र में संचालित हैं, जिसमें सबसे बड़ी व मुख्य रेत खदान भुमका है।
प्रमाण पत्र अविलंब प्रस्तुत करने का निर्देश
उक्त खदान के संचालकों मेसर्स सैनिक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड मुरादाबार उप्र, मेसर्स आरएसआई स्टोन वल्र्ड प्राइवेट लिमिटेड भोपाल तथा मेसर्स शिवा कार्पोरेशन इंडिया लिमिटेड जयपुर राजस्थान को रेत खदान बंद करने का प्रमाण पत्र अविलंब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
एसपी ने देर रात लिया अवैध खदानों का जायजा
पुलिस अधीक्षक तरुण नायक ने बुधवार देर रात जिले की अवैध रेत खदानों का जायजा लेने पहुंचे। उनके साथ संजय टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक भी थे। सबसे पहले वे कमर्जी थाना गए। यहां रात्रिकालीन गश्त की जानकारी ली। इसके बाद चुरहट रवाना हो गए। वहां से रामपुर नैकिन जाते समय सोन के चंदरेह, गुजरेड़, सजहा, दुरासिन, मगरोहर सहित अन्य घाटों का निरीक्षण किए।
भ्रमण की जानकारी किसी को नहीं
पहले तो उनके भ्रमण की जानकारी किसी को नहीं थी, कमर्जी के बाद अन्य थाना प्रभारियों को सूचना मिल गई। जिससे वे सतर्क हो गए। स्थानीय पुलिस ने चुरहट व रामपुर नैकिन क्षेत्र के रेत कारोबारियों को भी अलर्ट कर दिया गया। इसी वजह से रेत निकासी करते एक भी वाहन नहीं मिले।
रात 12 बजे बंद कराई शराब की दुकान
एसपी को देर रात बढ़ौरा में विदेशी शराब दुकान खुली मिली। सेल्समैन सुनील ङ्क्षसह शराब बिक्री कर रहा था। एसपी ने दुकान बंद कराते हुए तय समय में ही दुकान बंद करने के निर्देश दिए।
इन थानों का किए निरीक्षण
एसपी ने बहरी, कमर्जी, चुरहट व रामपुर नैकिन थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रात्रिकाली गश्त, रेत निकासी व क्षेत्र में अपराधों की स्थिति की जानकारी ली। रामपुर नैकिन थाने में जरूरी दस्तावेज भी खंगाले।