सीधी

सीधी में गुफा में कंबल में लिपटा मिला महिला का कंकाल, 15 दिन से थी लापता

Sidhi Jungle Cave Skeleton : घने जंगल में पहाड़ियों के बीच बनी गुफा में कंबल में लिपटा शव जब ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी, महिला का पति भी दो दिन से है लापता।
2 min read
May 27, 2026
sidhi
missing woman skeleton found in jungle cave

Woman Skeleton Found Case: मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक दिलदहला देने वाली खबर सामने आई है, यहां जंगल में बनी एक गुफा में एक महिला का कंकाल कंबल में लिपटा हुआ मिला है। घटना जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कुन्दौर गांव की है। यहां बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल की एक गुफा से महिला का कंकाल बरामद हुआ। माटी डोंगर पहाड़ स्थित दुर्गम गुफा में कंबल में लिपटा कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कंकाल की पहचान करीब 15 दिनों से लापता गुड़िया बैगा के रूप में की गई।

देखें वीडियो-

गुफा में कंबल में लिपटा मिला कंकाल

जानकारी के अनुसार जिस गुफा में लापता महिला का कंकाल मिला है वो सीधी जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर घने जंगल और पहाड़ियों के बीच स्थित है। दोपहर के समय ग्रामीणों ने गुफा के भीतर कंबल में लिपटा शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब तक मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पोड़ी चौकी और कुसमी थाना पुलिस ने जब कंबल हटाया तो महिला का कंकाल मिला। शव पूरी तरह से सड़-गलकर कंकाल में तब्दील हो चुका है।

दो दिन से पति लापता, कंधे पर लादकर लाना पड़ा

गुफा घने जंगल में है और रास्ता दुर्गम होने के कारण घटनास्थल तक पुलिस वाहन नहीं पहुंच पाया, जिसके कारण कंबल में लिपटे कंकाल को कंधे पर लाटकर जंगल से बाहर लाना पड़ा। घटनास्थल पर थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी और चौकी प्रभारी डीके रावत सहित पुलिस टीम मौजूद रही। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कंकाल की पहचान करते हुए बताया कि कंकाल 15 दिन से लापता करीब 30 वर्षीय गुडिया बाई का है। ग्रामीणों ने ये भी बताया है कि गुडिया बाई का पति बुद्धसेन बैगा भी पिछले दो दिनों से गांव से लापता है। पत्नी के गायब होने के बाद भी पति बुद्धसेन ने न तो पत्नी की तलाश की और न ही किसी को इसकी सूचना दी, जिससे मामले में संदेह गहरा गया है और पति पर हत्या का शक जताया जा रहा है।

हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि जंगल में गुफा से महिला का कंबल में लिपटा कंकाल मिला है। आशंका है कि शव को कंबल में लपेटकर गुफा में छिपाया गया था जो कंकाल में तब्दील हो चुका है। प्रारंभिक तौर पर महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। गुफा में कंबल में लिपटा महिला का कंकाल मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं।

Updated on:
27 May 2026 06:01 pm
Published on:
27 May 2026 05:54 pm