16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी में थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला, दो पक्षों का विवाद सुलझाने पहुंची थी पुलिस टीम

Lethal attack on TI : दो पक्षों के बीच चल रहे जमीन विवाद में एक पक्ष ने सड़क जाम कर दी। विवाद सुलझाने पुलिस टीम लेकर पहुंचे थाना प्रभारी पर एक पक्ष ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में टीआई के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

3 min read
Google source verification
Lethal attack on TI

Lethal attack on TI (थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला Photo Source- Patrika)

Lethal attack : मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कमर्जी थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले ग्राम पटपरा में सड़क जाम खुलवाने समझाइश दे रहे कमर्जी थाना प्रभारी पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सड़क जाम हटाने के दौरान हुए इस हमले में कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आई है। घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, ग्राम पटपरा में नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। एक पक्ष का आरोप है कि, कुछ लोगों द्वारा सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किया गया है। इस संबंध में कई बार राजस्व अधिकारियों को शिकायतें और आवेदन दिए गए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क जाम कर दी।

गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल

सड़क जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वे ग्रामीणों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने थाना प्रभारी पर टांगी और हंसिए से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल उन्हें भीड़ से सुरक्षित निकालकर डायल-112 वाहन की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया।

चिन्हित किए गए आरोपी

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मामले से जुड़े आरोपियों को चिन्हित कर लिया है। दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल तथा नितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया गया है। हमला करने वालों में महिलाओं के नाम नाम भी शामिल हैं।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

आरोप है कि, आरोपियों ने सड़क जाम हटाने का विरोध करते हुए पुलिस दल के साथ मारपीट की और थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दिनदहाड़े पुलिस अधिकारी पर हुए इस हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं, सरकारी अमले पर बढ़ते हमलों को लेकर कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

पांच थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

कमर्जी थाना प्रभारी इंद्रराज सिंह पर हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी सीधी संतोष कोरी ने जमोड़ी, चुरहट, रामपुर नैकिन, अमिलिया एवं सेमरिया थाने का मौके पर लगा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी अपने थाने के जाबांज सिपाही के.पी सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते सभी आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, कुछ देर बाद रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी, चुरहट थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी, सेमरिया थाना प्रभारी केदार परोहा, अमिलिया थाना प्रभारी राकेश सिंह भी पहुंच गए और सभी ने बेहतर पुलिसिंग का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान चुरहट एसडीओपी रवि प्रकाश भी मुस्तैदी से लगे रहे।

'दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी'

मामले को लेकर सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी का कहना है कि, नाली निर्माण को लेकर पटेल परिवार के बीच विवाद के चलते सड़क जाम की गई थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पुलिस बल के साथ गए थे। पुलिस अधिकारी पर हमला अत्यंत गंभीर अपराध है। मामले की जांच के लिए एसडीओपी समेत पांच थानों का पुलिस बल मौके पर भेजा गया। घटना से जुड़े 6 आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।