
Leela Sahu Village Road Protest- अक्सर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर चर्चित रहने वाली सीधी जिले की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू एक बार फिर चर्चाओं में हैं। लीला इस बार अपने गांव की सड़क को लेकर धरने पर बैठी हुई हैं। बुधवार 16 सितंबर को उनके धरने का तीसरा दिन है। इससे पहले भी वे जब गर्भवती थीं तब उनका वीडियो काफी वायरल हुआ था। इस बार लीला साहू अपनी छोटी-सी बेटी के साथ धरने पर तीन दिनों से बैठी हैं।
बुधवार को लीला साहू ने ताजा वीडियो जारी किया है, जो मध्यप्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के लिए है। यह वीडियो लीला साहू ने बुधवार को दोपहर में अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है। जिसमें लीला साहू मंत्री प्रहलाद पटेल से सड़क बनवाने की मांग कर रही हैं। लीला की मांग की है कि वे एक बार यहां की समस्या देखकर रोड बनवा दें। कितनी गर्मी निकल गई, बरसात निकल गई, लेकिन सड़क आज तक नहीं बन पाई। लीला के साथ धरने पर गांव के कई लोग 24 घंटे बैठे हुए हैं।
सीधी जिले के खड्डी खुर्द गांव में 10.5 किमी लंबी सड़क के अधूरे निर्माण पर विवाद चल रहा है। अपने गांव की इस समस्या को लेकर लीला साहू ने एक वीडियो जारी किया था। लीला ने क्षेत्रीय सांसद राजेश मिश्रा को कह दिया था कि यदि हमारे गांवों की सड़क नहीं बनी तो सांसदी ही चले जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक लिखित में आश्वासन नहीं मिलता, हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। लीला ने वीडियो में कहा कि हम खुद पूरी 10 किमी सड़क की मांग कर रहे हैं, न कि साढ़े पांच किमी की। पूरी सड़क हमको चाहिए। अब इतनी आवाज उठेगी कि जब तक इस सड़क की पूरी स्वीकृति नहीं मिल जाए, सड़क बनना शुरू न हो जाए। हम हार नहीं मानेंगे। क्योंकि बहुत बार हम अपमान सह रहे हैं। एक महिला का अपमान, एक गर्भवती महिला का अपमान। लेकिन, अब हमारे साथ एक बच्चा है उसके साथ हम संघर्ष करेंगे, सड़क की लड़ाई लड़ेंगे।
गांव की महिला लीला साहू का पिछले साल जुलाई में भी वीडियो वायरल हुआ था, जब लीला ने बीजेपी सांसद से कहा था कि वे एक साल से अपने गांव की सड़क बनवाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। लीला ने बताया था कि वे गर्भवती हैं, एंबुलेंस के आने लायक रास्ते की मांग की थी। इस पर बीजेपी सांसद राजेश मिश्रा ने अपने बयान में कहा था कि आप डिलीवरी की डेट बताओ, हम उठवा लेंगे। इस पर लीला ने वीडियो जारी कर सांसद से कहा था कि हमें हेलीकाप्टर की जरूरत नहीं हैं, क्योंकि हम ही इस गांव में अकेले गर्भवती महिला नहीं हैं। लीला ने कहा था कि यहां मेरे जैसी 6 महिलाएं हैं, जो गर्भवती हैं। लीला ने बच्चों को स्कूल और मरीजों को अस्पताल जाने के लिए भी सड़क की मांग की थी। इस पर सीधी के सांसद राजेश मिश्रा का यह बयान भी चर्चाओं में था कि सांसद सड़क नहीं बनाते, सड़क तो इंजीनियर और ठेकेदार बनाते हैं।