सीधी

MP पुलिस का सटोरियों से सौदेबाजी का ऑडियो वायरल, बोला दे नहीं तो…

हफ्ता न मिलने पर थाने में बैठाने का आरोप
2 min read
Jul 02, 2018
MP police ki saudebaji ka audio viral
MP police ki saudebaji ka audio viral

सीधी। महिला से छेडख़ानी, दुष्कृत्य व युवती की अश्लील तस्वीर वायरल के आरोपों के बीच सीधी पुलिस अब सटोरिया से वसूली को लेकर सुर्खियों में है। आरोप है कि कोतवाली में पदस्थ दो पुलिसकर्मी एक युवक से सट्टा खिलाने के नाम पर वसूली का दबाव बना रहे थे। दोनों के बीच सौदेबाजी का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इसके अलावा पीडि़त छोटू गुप्ता पहले भी एसपी से मामले की शिकायत कर चुका है। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उसका कहना है कि वह सट्टा नहीं खेलता न ही खिलाता है। लेकिन, कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक तिलकराज सिंह व पंकज विश्वकर्मा उस पर जबरन आरोप लगाकर बार-बार रुपए मांगते हैं।

बेलगाम होता जा रहा स्टाफ
कोतवाली पुलिस की करतूतों से न सिर्फ सीधी पुलिस, बल्कि पूरी 'खाकी' को शर्मसार होना पड़ रहा है। तत्कालीन कोतवाली उपाध्याय के तबादले के बाद से यहां का स्टाफ कुछ ज्यादा ही बेलगाम हो गया है। उनकी हरकतें सामने आने के बाद भी जिम्मेदार मातहतों पर नकेल नहीं कस पा रहे।

जिम्मेदारों ने अब तक रिलीव नहीं किया

आरोप है कि उल्टा ऐसे लोगों को बढ़ावा दिया जा रह है। विभागीय सूत्रों की मानें तो जिस प्रधान आरक्षक पर वसूली का आरोप लगा है। उसे महीनों पहले यहां से स्थानांतरित कर दिया गया था, लेकिन जिम्मेदारों ने अब तक रिलीव नहीं किया। इसी प्रकार दूसरा आरक्षक भी इसी तरह की हरकतों को लेकर पहले कई बार विभागीय कार्रवाई हो चुकी है।

वायरल आडियो में बातचीत के अंश
- तिलकराज: हां कहां हो?
- छोटू: बाजार में हूं।
- तिलकराज: हां तो मिलो जल्दी।
- छोटू- सुनिए थोड़ा सा, साहब बाला कि आप बाला।
- तिलकराज: तुम बताओ जहां वहां हम और पंकज आ जाते हैं।
- छोटू: यहां आप न आइए, इलाहाबाद बैंक के सामने आ जाइए, केपी अंकल के पास चले जाइए, वहां आपका और पंकज का हिसाब हो जाएगा।
- तिलकराज: साहब बाला।
- छोटू: साहब से बोल जरूर दिए थे किंतु नहीं हो पाएगा। आप अपना और पंकज का ले लीजिए।
- तिलकराज: हास्पिटल के पीछे मिलो फिर बताता हूं क्या करना है।
- छोटू: ठीक है।

Published on:
02 Jul 2018 08:31 pm