सीधी

प्री-मानसून: हादसे का सबब बन रही खुली नालियां, बारिश में बनेगी आफत

जमोड़ी चौराहे से पडै़निया तक रहवासियों की आफत
2 min read
Jun 12, 2018
nagar palika parishad sidhi
nagar palika parishad sidhi

सीधी। प्री-मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है, लेकिन जलभराव की समस्या से निपटने की तैयारी में नगर पालिका प्रशासन सिफर नजर आ रहा है। शहर की बस्तियों की तो बात दूर है, मुख्य सड़क के किनारे ही पानी निकासी की पर्याप्त ब्यवस्था नहीं की गई। न नालियों का सफाई कार्य पूर्ण हो पाया है।

यदि तेज बारिश हुई तो जमोड़ी चौराहे से पडै़निया तक मुख्य सड़क के किनारे रह रहे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ सकती है, क्योंकि अभी यहां सड़क निर्माण ही पूर्ण नहीं हो पाया। पूर्व में बनी नाली भी पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।

नवीन नाली निर्माण में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। नपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यपालन यंत्री को पत्र लिखकर जल्द से जल्द नाली और स्लोप का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है।

स्लोप का घटिया निर्माण जारी
मुख्य सड़क के किनारे बनाई जाने वाली चौड़ी नालियों को ढंकने के लिए चीरघर के सामने स्लोप का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें घटिया निर्माण कार्य की शिकायत मिल रही हैं। आरोप है कि ठेकेदार ने तय मानक के अनुरूप सीमेंट व कांक्रीट का उपयोग नहीं किया। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि स्लोप के ऊपर लोगों व जानवरों के चलने से ये टूट सकते हैं और लोगों तथा पशुओं को चोटिल होना पड़ सकता है, साथ ही शासकीय राशि का दुरुपयोग होगा।

महीनों से खुली पड़ीं नालियोंं से खतरा
अस्पताल तिराहे से पुराने नर्सिंग होम तक नाली निर्माण हुए चार माह हो गए। लेकिन अब तक इन्हें ढंका नहीं गया। जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। रसूखदारों की दुकान व घरों के सामने नाली ढंक दी गई है, लेकिन अन्य जगह नाली खुली पड़ी है। इससे हादसे का खतरा तो बना ही रहता हैै, दुर्गंध से लोगों का सांस लेना दूभर हो जाता है। इसके बावजूद न तो संविदाकार इस और ध्यान दे रहा है और न ही संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी चिंता है।

क्रॉसिंग पाइप में डाल दी मिट्टी
कलेक्ट्रेट के पास पाइप क्रासिंग में मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है। इससे पानी नहीं निकल पाता है। बारिश होने पर अर्जुन नगर के पास स्थित बंधवे का पानी यहां रेला के साथ पहुंचता है। यदि समय पर क्रासिंग पाइप की सफाई न कराई गई, तो बारिश व छोटी नालियों का पानी आसानी से लोगों के घर में घुस जाएगा, और मोहल्लेवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

Published on:
12 Jun 2018 04:55 pm