सीधी

सीधी में नई रेल लाइन का ट्रायल, 115 की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन, बरसों पुराना सपना होगा पूरा

Lalitpur-Singrauli New Railway Line: ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत रामपुर नैकिन-चुरहट 22.90 किमी रेलखंड का दो दिन चला संरक्षा निरीक्षण पूर। स्पीड ट्रायल में 115 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन।
2 min read
Aug 20, 2026
rampur naikin-churhat train speed trial lalitpur-singrauli new railway line
Lalitpur-Singrauli New Railway Line: रामपुर नैकिन-चुरहट रेलखंड पर ट्रेन का सफल स्पीड ट्रायल (फोटो सोर्स- Patrika)

Rampur Naikin-Churhat Speed Trial: वर्षों से सीधी जिला मुख्यालय तक रेल पहुंचने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए रामपुर नैकिन-चुरहट रेलखंड पर 115 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेन का सफल स्पीड ट्रायल महज एक तकनीकी परीक्षण नहीं, बल्कि रेल के सीधी तक पहुंचने की उम्मीद को और मजबूत करने वाला अहम पड़ाव है।

नई रेल लाइन का हुआ स्पीड ट्रायल

ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना (Lalitpur-Singrauli New Railway Line) के तहत तैयार रामपुर नैकिन-चुरहट के बीच 22.90 किलोमीटर लंबे नए रेलखंड का दो दिवसीय संरक्षा निरीक्षण पूरा हो गया है। अब चुरहट के आगे सीधी जिला मुख्यालय की ओर रेलवे स्टेशन और रेल पटरी के निर्माण का काम भी तेजी से प्रगति पर है। ऐसे में जिलेवासियों का लंबे समय से देखा जा रहा रेल का सपना धीरे-धीरे हकीकत का रूप लेता नजर आ रहा है।

रेल संरक्षा आयुक्त मध्य वृत्त मुंबई गुरु प्रकाश ने 18 और 19 अगस्त को रामपुर नैकिन चुरहट नवीन रेलखंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। दो दिन तक चले निरीक्षण में ट्रैक, पुल-पुलिया, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, विद्युत अधोसंरचना और परिचालन व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। इसके बाद रामपुर नैकिन से चुरहट के बीच निरीक्षण विशेष ट्रेन को 115 किमी प्रति घंटा की गति से दौड़ाकर स्पीड ट्रायल किया गया। सफल ट्रायल को नए रेलखंड की संरचनात्मक मजबूती और संरक्षा तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

पहले ट्रैक की पड़ताल, फिर 115 की रफ्तार

निरीक्षण की शुरुआत चुरहट स्टेशन से हुई, जहां रेल संरक्षा आयुक्त ने निर्माण संगठन एवं जबलपुर मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक करसंरक्षा दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद मोटर ट्रॉली से रेलखंड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रैक की स्थिति से लेकर पुल-पुलियाओं और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। इसके बाद निरीक्षण विशेष ट्रेन को रामपुर नैकिन से चुरहट के बीच 115 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया गया। स्पीड ट्रायल का उद्देश्य रेलखंड की क्षमता, संरचनात्मक मजबूती और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयारियों को परखना था।

चुरहट तक पहुंची रेल, अब सीधी दूर नहीं

रामपुर नैकिन-चुरहट रेलखंड पर संरक्षा निरीक्षण और स्पीड ट्रायल पूरा होना इस परियोजना की दिशा में अहम कदम है, लेकिन सीधी जिले के लोगों की निगाहें अब इससे भी आगे जिला मुख्यालय पर टिक गई हैं। चुरहट के बाद सीधी की ओर रेल लाइन बिछाने और जिला मुख्यालय पर रेलवे स्टेशन के निर्माण का काम भी चल रहा है। यानी जिस रेल को देखने के लिए जिलेवासियों को वर्षों से इंतजार था, उसकी पटरी अब जिला मुख्यालय की ओर बढ़ रही है। सीधी जिला मुख्यालय तक रेल पहुंचने से जिले का सीधा रेल संपर्क बड़े शहरों और दूसरे क्षेत्रों से मजबूत होगा।

रेल कनेक्टिविटी से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

रामपुर नैकिन-चुरहट नवीन रेलखंड के बाद परियोजना के अगले चरणों में सीधी की ओर बढ़ रहा निर्माण क्षेत्र के लिए खास महत्व रखता है। रेल संपर्क से अभी सड़क परिवहन पर निर्भर रहने वाले यात्रियों को वैकल्पिक और सुविधाजनक परिवहन साधन मिलेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एमएस हाश्मी, मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर कमल कुमार तलरेजा सहित वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता समन्वय तथा निर्माण संरक्षा आदि मौजूद रहे।

Updated on:
20 Aug 2026 04:01 pm
Published on:
20 Aug 2026 04:01 pm