MP के इस थाने में पदस्थ होमगार्ड जवान पर दुष्कर्म का आरोप, ये अधिकारी भी कर चुकें है खाकी को शर्मसार
सीधी। सिटी कोतवाली में पदस्थ नगर सैनिक पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीडि़ता ने बताया कि रिपोर्ट करने आई थी, तब मोबाइल नंबर लेकर बात करने लगा और बाद में कमरे में बुलाकर कई बार हवश का शिकार बनाया। आरोपी सैनिक पर मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। बहरी क्षेत्र के तरका निवासी हरिजन महिला मार्च में पति के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली आई थी। जिसे टीआई ने महिला प्रकोष्ठ भेजा। वह महिला प्रकोष्ठ पहुंची तो वहां प्रभारी पुलिस अधिकारी नहीं थी।
इस बीच नगर सैनिक रामसिया जायसवाल निवासी पटेहरा ने कहा, मोबाइल नंबर दे दो, जिस दिन मैडम बैठेंगी, मैं सूचित कर दूंगा। बाद में वह फोन पर महिला से बातचीत करने लगा। बहला फुसलाकर उसे सीधी स्थित अपने कमरे बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। करीब दो माह बाद में महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 376 (2) (द) व अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम 3 (2) (व्ही) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
अभी पुलिस कर्मियों के लंबित हैं ये मामले
कोतवाली में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्म लगाम कमजोर हो चुकी है। जिस कारण जवान कानूनी बंधन से मुक्त होकर आपराधियों जैसे कृत्य करने लगे हैं। इससे पहले यहां के आरक्षक धीरेंद्र सिंह ने खैरही निवासी एक युवती की गंदी तस्वीरे वायरल कर दी थी। जिस पर कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि जांच की बात कही जा रही है। आरक्षक प्रभात चंदेल व एक अन्य जवान ने मड़रिया बाइपास में दवा कराने जा रहे दंपति को प्रेमी-प्रेमिका समझकर मारपीट व अभद्रता की। प्रताडि़त होकर पति-पत्नी कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की है, लेकिन कार्रवाई नहीं की कई।
प्रधान आरक्षक व डीएसपी पर भी आरोप
नगर सैनिक पर आरोप लगाने वाली उक्त महिला पहले भी पुलिस कर्मियों पर आरोप लगा चुकी है। बहरी थाना में पदस्थ रहे प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश पर दुष्कृत्य का आरोप लगाया था। इसी महिला के पति ने आडियो रिकार्डिंग के साथ एसपी से शिकायत की थी कि डीएसपी आरके शर्मा मेरी पत्नी से गंदी बात करते हैं।