7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवासों का करा दिया लोकार्पण, फर्जी तरीके से हो गया गृह प्रवेश

अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवासों का करा दिया लोकार्पण, फर्जी तरीके से हो गया गृह प्रवेश

2 min read
Google source verification

सीधी

image

Suresh Mishra

Jun 24, 2018

pradhan mantri awas yojana big news in sidhi

pradhan mantri awas yojana big news in sidhi

सीधी। मप्र शहरी विकास महोत्सव के तहत शनिवार को नगर पालिका के अफसरों ने अधूरे आवासों का गृह प्रवेश करा दिया। शासन के निर्देशानुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत कंपलीट हो चुके आवासों का शनिवार को गृह पूजन किया जाना था। इसके लिए नगर पालिका के अधिकारियों ने 56 आवासों के गृह पूजन की तैयारी की थी। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने इंदौर से इसका ई-लोकार्पण भी किया।

इस दौरान सीधी में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। लेकिन हैरान करने वाली बात ये कि लोकार्पित किए गए ज्यादातर मकान अधूरे हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो इनमें से महज 10 मकान ही पूरी तरह कंपलीट हो पाए थे। शेष आवासों में प्लास्टर फर्श आदि का कार्य अभी शेष बचा हुआ है।

ये है मामला
बताते चलें कि नगर पालिका परिषद सीधी अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत कुल 1959 हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किए गए थे। इनके निर्माण के लिए निकाय को 3544.50 लाख शासन स्तर से प्राप्त हुए थे, जिसमें से निकाय द्वारा आवास निर्माण के लिए 1692 हितग्राहियों को राशि आवंटित की गई। इसमें 714 हितग्राहियों को ढाई लाख, 952 हितग्राहियों को एक लाख तथा 26 हितग्राहियों 40 हजार रुपए प्रदाय किए गए। इसके उपरांत अभी निकाय के पास 792.10 लाख शेष बची हुई है।

मप्र शहरी विकास महोत्सव के आयोजन
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित हुए आवासों के गृह प्रवेश के पूर्व शहर के पूजा पार्क में इंदौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ई-लोकार्पण कार्यक्रम एवं मप्र शहरी विकास महोत्सव के आयोजन का सीधा प्रशारण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से नपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्नू, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ.राजेश मिश्रा, इंद्रशरण सिंह, रामप्रसाद वैश्य, पूनम अमित सोनी, रविचंद्र सिंह परिहार, पुनीत नारायण शुक्ल, सीएमओ अमर बहादुर सिंह सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद व प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के साथ आमजन मौजूद रहे।

आवासों का समारोह पूर्वक गृह प्रवेश
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित हुए आवासों के गृह प्रवेश के पूर्व शहर के पूजा पार्क में इंदौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ई-लोकार्पण कार्यक्रम एवं मप्र शहरी विकास महोत्सव के आयोजन का सीधा प्रशारण नपा के हितग्राहियों को दिखाया गया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद नपा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जाकर के नपा के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने निर्मित आवासों का समारोह पूर्वक गृह प्रवेश कराया।

266 हितग्राहियों के पोर्टल से हटाए गए नाम
हितग्राहियों से प्राप्त आवेदन के आधार पर नपा ने स्वीकृत किए गए 1959 आवासों में से पात्रता संबंधी शिकायतों के आधार पर 266 हितग्राहियों के नाम पोर्टल से हटा दिए हैं। उनके स्थान पर अन्य हितग्राहियों को चयन कर सूची कलेक्टर के पास भेजी गई है। हालांकि, इनका अभी अंतिम रूप से चयन होने की मुहर लगना शेष है।

फैक्ट फाइल
- 1959 आवासीय इकाई स्वीकृत
- 3544.50 लाख मिले निकाय को
- 1692 हितग्राहियों को आवंटित की गई राशि
- 2747.40 लाख रुपए निकाय ने उपयोग किया
- 792.10 लाख निकाय के पास शेष राशि
- 266 हितग्राही पोर्टल से हटाए गए