
Sidhi News :मध्य प्रदेश के सीधी जिले में रिश्तों को तार - तार कर झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने पारिवारिक विवाद के चलते हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी और महज 6 साल की मासूम बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले पत्नी के मुंह में चाकू डालकर उसे गंभीर रूप से घायल किया। जान बचाने के लिए जब पत्नी वहां से भागी तो उसने अपनी ही मासूम बेटी का गला रेत दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां अब उसी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है।
बताया जा रहा है कि, पूरा मामला सीधी जिले के अंतर्गत आने वाले रामपुर नैकिन थाना इलाके के ममदर गांव का है। बताया जा रहा है कि, आरोपी पति उमेश केवट निवासी बदवार, थाना गुढ़, जिला रीवा मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को अपने ससुराल पहुंचा था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई, जिसके बाद उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरु कर दी। इसपर भी उसने बस न करते हुए पत्नी पर चाकू से हमला शुरू कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से घबराकर जब वो किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकली, लेकिन आरोपी का गुस्सा तब भी शांत नहीं हुआ। उसने अपनी 6 साल की मासूम बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने अपने आप पर भी वार कर खुद को घायल कर लिया।घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल मां और बेटी को उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने की कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मां का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर नैकिन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति उमेश केवट को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस वारदात के बाद महिला के परिवार में मातम पसरा हुआ है।