Good News: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने ग्रुप-डी के 21,997 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 मार्च कर दी है।
RRB Group-D Recruitment 2026: रेलवे में ग्रुप-डी की तैयारी में जुटे बेरोजगारों के लिए राहतभरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने ग्रुप-डी के 21997 पदों पर होने वाली भर्ती की अंतिम तिथि में बढ़ोतरी की है। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि दो मार्च तय थी जो अब नौ मार्च हो गई है। वहीं फीस का भुगतान 11 मार्च तक हो सकेगा।
आवेदन में किसी भी तरह की गलती होने पर संशोधन का मौका 12 मार्च से 21 मार्च के बीच में मिल सकेगा। खास बात यह है कि इस भर्ती में अभ्यर्थियों को एक ही जोन में आवेदन का मौका मिलेगा। हालांकि वह एक ही जोन में अलग-अलग पदों के आवेदन की छूट रहेगी।
यह भर्ती मुख्य रूप से ट्रैक मेंटेनर, पॉइंट्समैन और अन्य तकनीकी पदों के लिए है। भर्ती में 18 से 33 साल के युवा आवेदन कर सकते है, लेकिन एससी, एसटी व ओबीसी आदि वर्ग के लिए नियमानुसार छूट रहेगी। परीक्षा में एक करोड़ से अधिक आवेदन आने की संभावना रेलवे ने जताई है।
अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन सीबीटी और पीईटी परीक्षा के आधार पर होगा। ऑनलाइन कम्प्यूटर बेस्ट परीक्षा सीबीटी में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा यानि पीईटी के लिए बुलाया जाएगा। पीईटी में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का पहले दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल होगा।
रेलवे की गु्रप डी की लिखित परीक्षा के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एक्सपर्ट ने बताया कि सीबीटी 90 मिनट का होगा, इसमें 100 सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा में जनरल साइंस व मैथ्स के 25-25 सवाल होंगे। जबकि 30 सवाल रीजनिंग व 20 सवाल जनरल अवेयरनेस व करेंट अफेयर्स के पूछे जाएंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था लागू रहेगी।