
सीकर। राहुल गांधी की तैयारियों का जायजा लेने सीकर पहुंचे पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट के भाजपा पर आरोपों के कुछ देर बाद ही भाजपा ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों ले लिया। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज और सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने प्रेसवार्ता कर राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाने पर लिया। दोनों ने शेखावाटी की जनता के हवाले से राहुल गांधी सेे सवाल पूछते हुए कहा कि राहुल गांधी बताए कि पिछली कांग्रेस सरकार में जिले से चार मंत्री होते हुए भी विकास कार्य क्यों नहीं हुए? दूसरा सवाल पूछा कि पिछली केंद्र सरकार में सीकर सांसद के मंत्री रहते हुए भी कांग्रसे सरकार ने क्षेत्र की उपेक्षा क्यों की? शेखावाटी विश्वविद्यालय, सैनिकों की वन रैंक वन पैंशन, चूरू और सीकर की मेडिकल कॉलेज, नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट और यमुना के पानी के प्रोजेक्ट पर भी कांग्रेस सरकार ने क्यों कुछ नहीं किया। इस दौरान दोनों वक्ताओं ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ दावा भी किया कि कांग्रेस सरकार के छह दशक के विकास से भी ज्यादा भाजपा सरकार के पांच साल में विकास हुआ है।