
#राजस्थान_का_रण : ‘कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, भाजपा कार्यकर्ता विकास के नाम पर मांगेंगे वोट’
बांसवाड़ा. ‘आने वाले चुनाव को लेकर कांगे्रस के पास कोई मुद्दा नहीं है। मुख्यमंत्री पद के लिए कई दावेदार हैं और वहां तेरा बूथ, मेरा जूता कार्यकम चल रहा है। भाजपा ने जो लक्ष्य तय किया है, उसके अनुरूप सीटें हासिल करेंगे और विकास के नाम पर जनता के पास वोट के लिए जाएंगे।’ यह बात भाजपा के बूथ संपर्क महाभियान के प्रदेश प्रभारी और चित्तौडगढ़़ सांसद सीपी जोशी ने सोमवार को ‘राजस्थान पत्रिका’ से विशेष बातचीत में कही। उन्होंने प्रदेश में विकास नहीं होने के कांगे्रस के आरोप के संबंध में कहा कि देश-प्रदेश में सरकार ने गरीब के कल्याण की योजनाएं संचालित कर कई काम किए हैं। कांगे्रस के पास बोलने के अलावा कोई काम नहीं है।
भाजपा में टिकट वितरण के लिए आला नेताओं में खींचतान के सवाल पर जोशी ने कहा कि भाजपा में खींचतान जैसी कोई स्थिति नहीं है। टिकट वितरण का काम प्रदेश टीम का है। पार्टी जिसे सिंबोल देगी, उसे जीताने का काम करेंगे। हम संगठन का काम कर रहे हैं। पार्टी के लक्ष्य के अनुसार कार्ययोजना बनाई है और कार्यकर्ता उसी अनुरूप जुटे हुए हैं। जोशी ने बताया कि दो से चार नवम्बर तक प्रदेश में बूथ संपर्क महाभियान चलेगा। इसके अन्तर्गत 51 हजार बूथों पर कार्यकर्ता विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद और उनका अभिनंदन करेंगे। राजस्थान में पहली बार एक साथ लाभार्थियों से संपर्क किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं की ली बैठक
सांसद जोशी ने संभाग प्रभारी हरिहर पारीख व जिला प्रभारी आईएम सेठिया की मौजूदगी में भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसमें उन्होंने बूथ विस्तारकों से विधानसभावार कार्ययोजना की जानकारी ली। साथ ही बूथ संचालन समिति के प्रमुख, पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र की रचना की जानकारी लेकर विस्तारकों व मंडल अध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान राज्यमंत्री धनसिंह रावत, संसदीय सचिव भीमा भाई, विधायक नवनीतलाल निनामा, जीतमल खांट, पूर्व राज्यमंत्री भवानी जोशी, ओम पालीवाल, उपाध्यक्ष योगेश जोशी, महामंत्री गोविंदसिंह राव, पूंजीलाल गायरी, लालसिंह पाटीदार, राजीव ओझा सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
23 Oct 2018 01:28 pm
