सीकर

मूंगफली ने किया किसानों को निहाल, उत्पादन के साथ बढ़े दाम

सुरसा के मुंह की तरह फैल रही महंगाई का असर अब सर्दी के सीजन में आम आदमी का बादाम कही जाने वाली मूंगफली पर भी नजर आने लगा है। इससे जिले में मूंगफली का उत्पादन करने वाले किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आने लगी है।
2 min read
• •
Dec 05, 2023
मूंगफली ने किया किसानों को निहाल, उत्पादन के साथ बढ़े दाम
मूंगफली ने किया किसानों को निहाल, उत्पादन के साथ बढ़े दाम

सुरसा के मुंह की तरह फैल रही महंगाई का असर अब सर्दी के सीजन में आम आदमी का बादाम कही जाने वाली मूंगफली पर भी नजर आने लगा है। इससे जिले में मूंगफली का उत्पादन करने वाले किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आने लगी है। यही कारण कि जिले में इस बार पिछले साल की तुलना में मूंगफली की बुवाई भी ज्यादा हुई और मूंगफली का उत्पादन भी अधिक रहा। अच्छी बात है कि इस बार किसानों को प्रति क्विंटल 700 से एक हजार रुपए प्रति क्विंटल तक ज्यादा मिल रहे हैं। यही कारण है कि समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए पंजीयन के बावजूद किसान बाजार में ही मूंगफली बेच रहे हैं। अच्छी गुणवत्ता वाली मूंगफली बाजार में इन दिनों 85 से 90 रुपये किलो तक बिक रही है।

इस कारण आई तेजी

शेखावाटी की आबोहवा के अनुसार मूंगफली का उत्पादन औसतन दो से तीन क्विंटल का उत्पादन प्रति बीघा में उत्पादन हो जाता है। लेकिन इस बार मूंगफली की बुवाई के बाद समय-समय पर बारिश होने के कारण मूंगफली के दानों के आकार अच्छा रहा। इससे मूंगफली का उत्पादन करीब एक क्विंटल तक बढ़ गया है। व्यापारियों की माने तो मूंगफली के तेल की देश सहित विदेशों में मूंगफली के तेल की मांग ज्यादा होने से निर्यात बढ़ गया है। जिसका असर मूंगफली से बनने वालों उत्पादों पर नजर आ रहा है।

गुणवत्ता पर तय भाव

सरकार ने इस बार मूंगफली का समर्थन मूल्य 6377 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। जबकि इस समय बाजार भाव औसतन 5000 से 7500 रुपए प्रति क्विंटल तक बोले जा रहे हैं। मूंगफली की एमएसपी पर खरीद के बाद भुगतान प्रक्रिया के झंझट से बचने और कई औपचारिकता से बचने के लिए किसान खुले बाजार में ही मूंगफली बेच रहा है।

सेहत के लिए फायदेमंद

मूंगफली सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है। मूंगफली में प्रोटीन, वसा, विटामिन, फाइबर, एंटी ऑक्सीडेंट और कैल्शियम सहित अन्य खनिज होते हैं। कम ग्लाइसेमिक होने से मूंगफली भीगो कर खाने से ब्लड में शुगर का स्तर नहीं बढ़ता है।

फैक्ट फाइल
वर्ष बुवाई उत्पादन

2017 46103 46103

2018 19500 37000

2019 25917 49931

2020 36523 82110

2021 34782 75117

2022 24285 50570

2023 29459 58789

Published on:
05 Dec 2023 11:40 am