
सीकर। बेरी गांव में घरेलू विवाद में शनिवार देर रात एक पति ने अपनी पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। खून से लथपथ पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान मृतका व आरोपी के बेटे एक रिश्तेदारी में शादी में गए थे, ऐसे में घर में सिर्फ पति-पत्नी ही मौजूद थे। पत्नी को जान से मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बेटे करण सिंह ने पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि दादिया पुलिस थाना क्षेत्र के बेरी गांव में अमर सिंह (56) ने अपनी पत्नी धाप कंवर (50) पर लाठी से वार कर हत्या कर दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। महिला के खून से लथपथ शव को लेकर एसके हॉस्पिटल पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने बताया कि आरोपी अमर सिंह अपनी पत्नी धाप कवंर, दो बेटों और एक बेटी के साथ बेरी गांव में रहता था। वारदात के समय घर में पत्नी अकेली थी। वहीं मृतका के बेटे करण सिंह ने बताया कि उसका पिता शराब और गांजा पीने का आदी था। आए दिन घर में इसको लेकर झगड़ा होता था। उसने बताया कि जब वह शादी से घर लौटा तो उसकी मां कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थी।
सीकर एसपी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पत्नी हमेशा पति को शराब पीने से मना करती थी। पति अल सुबह चार बजे उठकर ही शराब पीने चला जाता था। कभी-कभी मजदूरी करके रुपए लाता तो उसकी भी शराब पी जाता था। इसी वजह से दोनों में झगड़ा होता था। फिलहाल, पुलिस इस हत्या की वजह घरेलू विवाद मान रही है। जांच में पता चला है कि महिला के सिर पर 6-7 वार किए गए थे।