सीकर

सेना के हवलदार के सूने मकान से 7 लाख के जेवरात व 10 हजार की नकदी चोरी

- चोरों ने रैकी करने के बाद लोहे के सरियों से ताले तोड़े, एक ताला नहीं टूटा तो सरियों से कुंदा निकाला
2 min read
Jun 01, 2025
Feature image

सीकर. तारपुरा गांव के एक सूने मकान के से चाेर करीब 7 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व 10 हजार रुपए की नकदी ले गए। आर्मी हवलदार का परिवार पीहर गया हुआ था और पीछे से चोरों ने रैकी कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित परिवार ने दादिया थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

तारपुरा निवासी सेना के हवलदार शक्ति सिंह ने दादिया थाना में मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित शक्तिसिंह ने बताया कि वह ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी व बच्चे पिछले 10-15 दिनों से पीहर गए हुए थे। परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे हुए मिले। बंद मकान के मुख्य गेट का ताला नहीं टूटा तो चोरों ने लोहे के सरियों को कुंदे में फंसाकर ताले सहित कुंदा ही उखाड़ फैंका। इसके बाद चोरों ने अंदर के कमरों के ताले भी तोड़े और बक्साा व आलमारी के लॉक भी तोड़ दिए। चोरों ने बक्सा, बैड, आलमारी के सारे कपड़े व सामान निकाल कर खंगाला। चोरों ने रसोई के डिब्बों व आटे तक को खंगाला कि कहीं इनमें तो जेवरात नहीं रखे हुए हैं। सारे कपड़े, सामान, बैड में रखे सर्दी के कपड़े व रजाइयां और सारे कपड़े बाहर फैंक गए। चोर बक्सों व आलमारी से चार सोने की अंगूठियां, सोने की चेन, कांटा सहित अन्य कीमती जेवरात और 10 हजार रुपए की नगदी चुराकर ले गए।

रैकी कर की चोरी की वारदात-

परिवादी शक्ति सिंह का कहना है कि चोरों ने जिस प्रकार से मकान की हर चीज खंगाली उसके अनुसार वे करीब एक से डेढ़ घंटे तक मकान में रूके। चोर अपनी चप्पल और ताले तोड़ने व गेट के कुंदे उखाड़ने में काम में लिए गए सरियों को मकान के बाहर मौके पर ही डालकर चले गए। संभावना यह भी है कि चोरों ने पहले सूने मकान की कुछ दिन रैकी की और इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सीकर जिले लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। हाल ही में उद्योग नगर स्थित रॉयल रेजिडेंसी, कलक्टर व एसपी के बंगले के सामने गोकुलधाम रेजीडेंसी के फ्लैट्स में भी दिनदहाड़े चोरी हुई थी। शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों से आमजन में भय का माहौल है।

Updated on:
01 Jun 2025 01:42 pm
Published on:
01 Jun 2025 01:42 pm