सीकर

शादी के 4 साल बाद भी नहीं हुई संतान तो ‘पिंकी’ ने खाटूश्यामजी से चुराया 20 महीने का बच्चा, पुलिस ने हरियाणा से किया बरामद

Sikar News: सीकर के खाटूश्यामजी से 20 महीने के मासूम रोनक का 15 अगस्त को अपहरण हो गया था। संतान की चाह में हरियाणा निवासी पिंकी बच्चे को चुराकर ले गई थी। सीकर पुलिस ने 6 टीमें लगाकर करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले और हरियाणा से आरोपी को पकड़कर रोनक को सकुशल बरामद कर लिया।
2 min read
Aug 19, 2026
khatushyamji kidnap child rescued
फोटो: पत्रिका

Khatushyamji Kidnapped Child Found In Haryana: सीकर के खाटूश्यामजी में 15 अगस्त को 20 महीने के मासूम रोनक का अपहरण हरियाणा की बल्लभगढ़ निवासी पिंकी ने किया था। खुद के कोई संतान नहीं होने पर 30 वर्षीय पिंकी ने औलाद की चाह में वारदात को अंजाम दिया था। खाटूश्यामजी से चुराकर वह मासूम को सीधे हरियाणा ही ले गई। जहां पीछा करते हुए सीकर पुलिस की टीम ने उसे एक किराये के मकान से दबोचकर मासूम को सकुशल दस्तयाब किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने राजस्थान के साथ हरियाणा में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी महिला तक पहुंची और बच्चे को उसके कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया।

SP प्रवीण नायक नूनावत ने प्रेसवार्ता कर बताया कि रोनक की तलाश के लिए पुलिस की 6 टीमों का गठन करने के साथ सीकर से हरियाणा तक के करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मुखबिर और तकनीकी मदद से आखिरकार बच्चे को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। शादी के 4 साल बाद भी संतान नहीं होने पर उसने पहली बार ही अपराधिक कदम उठाया। SP नूनावत ने आमजन से धार्मिक स्थलों पर बच्चों की कड़ी निगरानी रखने और धर्मशाला व होटल संचालकों से यात्रियों की आईडी लेने की अपील की है।

UP से आया था परिवार

गौरतलब है कि रोनक अपने माता- पिता के साथ 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश के बरेली से खाटूश्यामजी आया था। यहां वह श्यामकुंड से अचानक गायब हो गया था। इस पर पिता रामबहादुर ने अगले दिन खाटूश्यामजी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। बच्चे के अचानक गायब होने के बाद परिवार ने आसपास काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत टीमें गठित कीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खाटूश्यामजी से लेकर हरियाणा तक बच्चे की तलाश का अभियान चलाया। करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले। आखिरकार टीम हरियाणा के बल्लभगढ़ पहुंची जहां एक किराए के मकान से पिंकी को पकड़ लिया गया और रोनक को सकुशल बरामद कर लिया।

Updated on:
19 Aug 2026 07:07 am
Published on:
19 Aug 2026 06:58 am