
Sikar: एसीबी की गिरफ्त में अयोध्या के पुलिसकर्मी (फोटो-पत्रिका)
सीकर। उत्तर प्रदेश के अयोध्या साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मियों को राजस्थान के सीकर में 2.80 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई करते हुए अयोध्या साइबर क्राइम थाने के सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को पकड़ा। आरोपियों ने एक मामले में शिकायतकर्ता के भाई का नाम हटाने की एवज में 4 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान सौदा 2.80 लाख रुपए में तय हुआ।
एसीबी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अयोध्या साइबर क्राइम थाने के सब इंस्पेक्टर यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल सोहनलाल और कांस्टेबल गौरव चारग शामिल हैं। चारों पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी को परिवादी ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई के खिलाफ अयोध्या के साइबर क्राइम थाने में मुकदमा संख्या 22/2024 दर्ज है। इस मामले में उसके भाई का नाम हटाने की एवज में आरोपी पुलिसकर्मियों की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 17 अगस्त को रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान कांस्टेबल गौरव चारग ने परिवादी से 4 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद 2.80 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
जयपुर एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में सीकर एसीबी की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की। पुलिस निरीक्षक सुभाष मील की टीम ने मंगलवार को ट्रैप किया। कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल सोहनलाल और कांस्टेबल गौरव चारग मौके पर मौजूद थे।
एसीबी के मुताबिक इसी दौरान कांस्टेबल सोहनलाल ने परिवादी से 2.80 लाख रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त की। रिश्वत लेते ही एसीबी टीम ने चारों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई सीकर में की गई, जबकि आरोपी पुलिसकर्मी अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात बताए गए हैं।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू करने की बात कही है।
एसीबी ने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करने की अपील की है। ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
Updated on:
18 Aug 2026 05:13 pm
Published on:
18 Aug 2026 05:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
