18 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sikar News: खाटूश्यामजी के श्याम कुंड से 2 साल का रौनक लापता, हाथ पकड़कर ले जाती CCTV में कैद हुई महिला

Child Kidnapping Case: सीकर जिले में श्याम नगरी के श्याम कुंड से दो साल के मासूम रौनक के लापता होने से सनसनी फैल गई। एक महिला मासूम का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाती सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
2 min read
Google source verification

सीकर

image

Anil Prajapat

Aug 18, 2026

child kidnapping case

मासूम रौनक व सीसीटीवी में कैद हुई महिला। फोटो: पत्रिका

खाटूश्यामजी। सीकर जिले में श्याम नगरी के श्याम कुंड से दो साल के मासूम रौनक के लापता होने से सनसनी फैल गई। 15 अगस्त की शाम करीब सात बजे एक महिला मासूम का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाती सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छह टीमें तलाश में लगा दी हैं। पुलिस अब तक 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी है। संदिग्ध महिला की पहचान के साथ ही मासूम की तलाश में पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।

मासूम रौनक पुत्र राम बहादुर जाटव, निवासी बेनीपुर, थाना भीतरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) है। उसकी मां का नाम शकुंतला देवी है। सीसीटीवी फुटेज में 19:07:24 बजे एक महिला श्याम कुंड के प्रवेश द्वार पर दिखाई देती है। इसके करीब 12 सेकंड बाद 19:07:36 बजे वही महिला मासूम रौनक का हाथ पकड़कर उसे श्याम कुंड से बाहर ले जाती दिखाई दे रही है। पुलिस ने महिला के आने-जाने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं।

लाल सलवार, मेहरून कुर्ते में दिखी महिला

सीसीटीवी में दिखाई दे रही महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसने लाल रंग की सलवार, मेहरून रंग का कुर्ता और हल्के गुलाबी रंग का दुपट्टा पहन रखा है। बालों का जुड़ा बना हुआ है तथा उसमें सफेद रंग का क्लचर या रिबन जैसा सामान लगा दिखाई दे रहा है। पुलिस इसी हुलिए के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है। मासूम के पिता राम बहादुर जाटव ने खाटूश्यामजी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी इंद्राज मरोडिया और एचएम राहुल चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।

पहले भी मंदिर परिसर से हुआ था मासूम का अपहरण

गौरतलब है कि 6 जून 2025 को निर्जला एकादशी के दौरान खाटूश्यामजी मंदिर परिसर से तीन वर्षीय रक्षम जाटव का अपहरण हुआ था। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर करीब पांच दिन बाद 11 जून को उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन क्षेत्र से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था।

बाहरी राज्यों के हजारों लोग खाटू में, पुलिस सत्यापन पर सवाल

श्याम नगरी में तिलक लगाने, फूल बेचने, भीख मांगने, बाहरी राज्यों से रेहड़ी लगाने और रिक्शा चलाने वाले अनेक लोगों का पुलिस सत्यापन नहीं होने से पॉकेटमारी, चेन स्नेचिंग व चोरी की घटनाओं के बाद अब मासूम के लापता होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर, रौनक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार बच्चे की सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठा है।

उप पुलिस अधीक्षक राजेश जांगिड़ ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। छह टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज की जांच सहित अन्य माध्यमों से मासूम की तलाश की जा रही है। पुलिस अपहरणकर्ता के काफी नजदीक पहुंच गई है। जल्द ही मासूम को दस्तयाब कर लिया जाएगा।