सीकर

Madan Dilawar: ‘लक्ष्मणगढ़ पेपर चोरों के सरगनाओं की धरती’, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने डोटासरा पर साधा निशाना

Madan Dilawar Controversial Statement: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बिना नाम लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाने साधते हुए कहा कि लक्ष्मणगढ़ की धरती पेपर चोरों की सरगनाओं की धरती है। उन्होंने अपने परिवार को पेपर चोरी के माध्यम से पता नहीं क्या-क्या बनवा लिया।
3 min read
Jun 25, 2026
Madan Dilawar
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर (फाइल फोटो-पत्रिका)

सीकर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में बिगड़े बोल सामने आए। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाने साधते हुए कहा कि लक्ष्मणगढ़ की धरती पेपर चोरों के सरगनाओं की धरती है। उन्होंने अपने परिवार को पेपर चोरी के माध्यम से पता नहीं क्या-क्या बनवा लिया। इसलिए पेपर चोरी से परेशान युवाओं को राहत देते हुए हमने बच्चों के लिए दुबारा कॉपियों को रि-चेकिंग का काम शुरू कर दिया है। अब बच्चे इसलिए परेशान नहीं होंगे कि हमने जो लिखा था उसके नंबर हमें नहीं मिले है।

शिक्षा मंत्री दिलावर बुधवार को लक्ष्मणगढ़ में एक निजी विद्यालय के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान दिलावर ने कहा कि लक्ष्मणगढ़ की सड़कों की हालत बहुत खराब है। मुझे समझ नहीं आता कि यहां के विधायक पेपर चोरी के अलावा कुछ नहीं करते हैं क्या। मेरा अनुरोध है कि अपने क्षेत्र के विकास पर ध्यान देना चाहिए। समारोह में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहा है। यहां के भामाशाहों एवं प्रवासी उद्यमियों ने अपनी जन्मभूमि का ऋण चुकाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापरक एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा देना समय की आवश्यकता है। अंग्रेजों ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। नई शिक्षा नीति के माध्यम से मातृभाषा एवं स्थानीय भाषा में शिक्षा को बढ़ावा दिया गया है। मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी मातृभाषा में शुरू होना ऐतिहासिक कदम है। दिलावर ने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना परिवार और समाज की जिम्मेदारी है। उनमें राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना विकसित होनी चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रखने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि नशा समाज और व्यक्ति दोनों के लिए विनाशकारी है। उन्होंने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों को आगे लाने के लिए सामूहिक प्रयास होने चाहिए। घुमंतू जातियों के बच्चों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की भी उन्होंने सराहना की।

स्वच्छता पर दिलावर का विशेष संदेश

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अपने संबोधन में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी पंचायत राज विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं। दिलावर ने कहा कि आमजन अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और यदि संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हों तो उच्च अधिकारियों तक बात पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता के लिए मिलने वाले बजट का उपयोग केवल स्वच्छता कार्यों पर ही होना चाहिए। साथ ही गौवंश की सुरक्षा और स्वस्थ जीवन के लिए पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और स्वच्छ आदतें ही स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं।

समारोह को सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर, विधायक सुभाष मील, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, सुमेधानंद सरस्वती एवं कमल सीखवाल सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। संस्थान अध्यक्ष विष्णु चमड़िया एवं प्राचार्या विनीता पुजारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी तथा सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। इस अवसर पर भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ललित पंवार, आलोक पाराशर, अग्रवाल समाज अध्यक्ष विमल चिरानिया, ललित पुरोहित, मधु दायमा, सैन समाज अध्यक्ष अरुण सैन, रतन गोदारा, रतन चिरानिया, प्रहलाद रिंगसिया, राजकुमार खीरवेवाल, रामनिवास शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।