सीकर

शाहपुरा रोड पर जल्द चलेगा अतिक्रमण पर बुलडोजर, अगले सप्ताह से जारी होंगे नोटिस, 80 फीट चौड़ी होगी रोड

Shahpura Chirawa Road Project : शाहपुरा-चिड़ावा रोड निर्माण कार्य को गति देने के लिए शहर में शाहपुरा रोड पर जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
2 min read
May 08, 2026
Neemkathana encroachment removal
शाहपुरा रोड। फोटो पत्रिका

नीमकाथाना (सीकर)। शाहपुरा-चिड़ावा रोड निर्माण कार्य को गति देने के लिए शहर में शाहपुरा रोड पर जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अगले सप्ताह से संबंधित भूखंड मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार आरओबी से खेतड़ी रोड स्थित निजी बस स्टैंड तक सड़क को 80 फीट चौड़ा किया जाना है।

विभाग का दावा है कि इस मार्ग की भूमि वर्षों पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है। अब निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग की ओर से अगले सप्ताह से नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू होगी।

नोटिस मिलने के बाद संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर विभाग स्वयं कार्रवाई करेगा और उसका खर्च संबंधित भूखंड मालिक से वसूला जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के की जाएगी।

आरओबी से पूछलावाली तिराहा तक 10 दिन आवागमन रहेगा बाधित

कान्हा होटल आरओबी से पूछलावाली तिराहे तक सड़क निर्माण कार्य शुक्रवार से शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग ने एसडीएम को पत्र भेजकर यातायात डायवर्ट करने की मांग की है। इस पर प्रशासन ने 77 नंबर रोड और गोडावास फाटक मार्ग से यातायात सुचारू करवाने के संबधित विभाग को निर्देश दिए हैं।

एक्सईएन मंगलचंद वर्मा ने बताया कि शाहपुरा-चिड़ावा रोड निर्माण कार्य के चलते 8 से 18 मई तक आरओबी से पूछलावाली तिराहे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

इनका कहना है….

रोड चौड़ीकरण को लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। सभी के साथ समान व्यवहार करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

राजवीर यादव, उपखंड अधिकारी, नीमकाथाना

शाहपुरा रोड पर रोड चौड़ीकरण को लेकर अगले सप्ताह से अतिक्रमियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। संबंधित लोग एक सप्ताह में स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया जाएगा। इसके बाद विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी।

मंगलचंद वर्मा, एक्सईएन,सार्वजनिक निर्माण विभाग, नीमकाथाना

Updated on:
08 May 2026 10:03 pm
Published on:
08 May 2026 03:26 pm