
Pre Monsoon In Sikar: सीकर। पश्चिमी विक्षोभ और परिसंचरण तंत्र के असर से प्री मानसून की दस्तक ने शेखावाटी में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। सीकर जिला मुख्यालय पर चौबीस घंटे के दौरान सर्वाधिक तीन इंच बारिश दर्ज की गई। फतेहपुर में दिन और रात के तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने चौबीस घंटे के दौरान सीकर, चूरू, झुंझुनूं जिले में अंधड़ और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
सीकर में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में शनिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर में तेज धूप के कारण उमस रही इसके बावजूद दिन का तापमान गिर गया। जिले में अधिकांश भागों में अच्छी बारिश से खेत तलैया सब भर गए। शाम को लोगों ने सुहाने मौसम का आनंद लिया।
प्री मानसून की बारिश से खेतों में बुवाई ने जोर पकड़ लिया है। खेतों में ट्रेक्टरों की घरघराहट सुनाई देने लगी है। कई किसानों ने खरीफ की बुवाई शुरू कर दी। वहीं पिछले दिनों हुई बारिश और सिंचाई सुविधा वाले किसानों ने खरीफ की अगेती फसलों की बुवाई की थी।
प्री मानसून की बारिश से खेतों में खड़ी फसलों काफी फायदा होगा। किसानों का कहना है कि बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ेगी और फसलों की बढ़वार में मदद मिलेगी। वहीं खेती की तैयारी कर रहे किसानों के लिए यह बारिश लाभकारी साबित हो सकती है। कई दिन से लगातार बढ़ती गर्मी के कारण खेतों में नमी कम हो रही थी, जिससे सिंचाई की आवश्यकता बढ़ गई थी। अब खेतों में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी और फसलों को लाभ मिलेगा।
पिछले दिनो मानसून से पहले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक के बावजूद शहर में महज प्री मानसून की बारिश से हालात खराब हो गए। नवलगढ़ रोड, बजाज रोड, फतेहपुर रोड, लुहारू बस स्टैंड, रोडवेज डिपो के सामने कई दुकानों में पानी घुस गया। रोडवेज डिपो के बस स्टैंड पर सुबह झील नजर आई। पानी की निकासी नहीं होने से यात्रियों को विश्राम तो दूर बैठने तक को जगह नहीं मिली। पूरे दिन यात्री परेशान हुए। कमोबेश यही हालात बकरामंडी, रोडवेज बस स्टैंड, सिल्वर जुबली रोड, रीको क्षेत्र सहित कई स्थानों नजर आए।