
सीकर। चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन जनता के बीच बनाया गया विश्वास और अपनापन चुनावी परिणामों से कहीं बड़ा होता है। इसकी मिसाल सीकर जिले के रींगस क्षेत्र की ग्राम पंचायत लाखणी में देखने को मिली। यहां सरपंच चुनाव में महज 11 वोटों से हारने वाले पूर्व सरपंच एवं सरपंच प्रत्याशी महेश कुमार बाजिया का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
गांव में जगह-जगह आयोजित सम्मान समारोह में ग्रामीणों ने बाजिया के प्रति अपना स्नेह और समर्थन प्रदर्शित करते हुए उन्हें 11 लाख 81 हजार 500 रुपए की सहयोग राशि भेंट की।इस दौरान ग्रामीणों ने महेश कुमार बाजिया को माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया। वहीं ग्रामीण दशरथ सिंह ने उन्हें स्कॉर्पियो गाड़ी भेंट कर सम्मान को यादगार बना दिया। । ग्रामीणों की ओर से किए गए इस सम्मान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चुनाव में मामूली अंतर से हार के बावजूद ग्रामीणों का इतना बड़ा सम्मान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस अवसर पर रींगस क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें दादिया रामपुरा सरपंच ज्ञानाराम महला, कोटड़ी धायलान सरपंच लालचंद वर्मा, ठिकरिया सरपंच नंदकिशोर जांगिड़, शाहपुरा सरपंच भांगचंद वर्मा, मालाकाली सरपंच भगवती देवी, बावड़ी सरपंच गोपाल बाजिया, विजयपाल बुल्डक, सुरेंद्र बेनीवाल, राजेश धायल, जितेंद्र बाजिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति में नवगठित रामसीसर ग्राम पंचायत के सरपंच पद के लिए अंजू कंवर निर्विरोध निर्वाचित हुई है। निर्वाचन अधिकारी भारती फूलफकर ने बताया कि रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति के रामसीसर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए अंजू कंवर ने ही नामाकंन किया। किसी अन्य के नामाकंन दर्ज नहीं करने से अंजू कंवर का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। निर्विरोध निर्वाचित सरपंच अंजू कंवर को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।