सीकर

राजस्थान के हिस्ट्रीशीटर बनवारीलाल की हत्या, अपहरण से पहले बेरहमी से की मारपीट, 7070 गैंग पर मर्डर का आरोप

History Sheeter Murder: सीकर के पचार गांव में हिस्ट्रीशीटर बनवारीलाल मीणा का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने के बाद सड़क पर फेंक दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने 7070 गैंग समेत नामजद आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कराया है।
2 min read
Jul 28, 2026
History Sheeter Banwari Lal Meena Murder
History Sheeter Banwari Lal Meena Murder (Patrika Photo)

History Sheeter Banwari Lal Meena Murder: सीकर: दांतारामगढ़ थाना क्षेत्र के पचार गांव में रविवार देर रात एक बेखौफ वारदात में हिस्ट्रीशीटर बनवारीलाल मीणा का अपहरण कर निर्ममता से हत्या कर दी गई। 20 से अधिक हमलावरों ने पहले बनवारीलाल की गाड़ी रोककर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, फिर उसे कार में डालकर ले गए। अधमरी हालत में उसे सड़क पर फेंककर आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव उठाने से साफ इनकार कर दिया है।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन उसे तलाशते हुए चारणवास नाडा सड़क पहुंचे, जहां बनवारीलाल गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसे तुरंत खाचरियावास सीएचसी ले जाया गया, लेकिन स्टॉफ की अनुपलब्धता के कारण सीकर के एसके अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, शव को एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

7070 गैंग पर हत्या का आरोप

मृतक के बड़े भाई सोहनलाल मीणा ने दांतारामगढ़ थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। एफआईआर में नरेंद्र गोस्वामी, शंकर गोस्वामी, सूरज, जयपाल गोस्वामी, महेश कुमार, रामनिवासी सेपट, मालीराम सेपट, गणपत कुमावत, मुकेश पूनियां, गजेंद्र ऐचरा, अशोक सामोता, महेंद्र कुमावत, महेश, महेंद्र कुमार मीणा, नरसीराम मीणा, रमेश पूनिया और 5-7 अन्य को आरोपी बनाया गया है।

सोहनलाल का आरोप है कि जयपुर की कुख्यात 7070 गैंग लंबे समय से बनवारीलाल और उसके परिवार को धमकियां दे रही थी। बनवारीलाल ने पहले ही दांतारामगढ़ पुलिस को अपनी जान पर हमले का अंदेशा जताया था। घटना की रात भी हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस महज औपचारिकता निभाकर लौट गई। परिजनों का कहना है कि जब तक सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दांतारामगढ़ डीएसपी कैलाश कंवर ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या और अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Updated on:
28 Jul 2026 08:43 am
Published on:
28 Jul 2026 08:43 am