सीकर

राजस्थान: बेरोजगारी भत्ते को लेकर नए नियम से हजारों युवा बाहर, सीकर से बाहर होंगे 2 हजार अभ्यर्थी

मुख्यमंत्री युवा संबल योजना का भत्ता अब 21 वर्ष की आयु के बेरोजगारों को ही मिलेगा। इससे सीकर ​जिले में इस आयु वर्ग के करीब 2 हजार अभ्यर्थी योजना के दायरे से बाहर हो जाएंगे।

2 min read
Apr 25, 2026
रुपए (Photo-X)

सीकर। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना का भत्ता अब 21 वर्ष की आयु के बेरोजगारों को ही मिलेगा। राजस्थान सरकार ने 21 से कम आयु के शिक्षित युवाओं को वास्तविक बेरोजगार नहीं मानते हुए ये फैसला लिया है। इससे जिले में इस आयु वर्ग के करीब 2 हजार अभ्यर्थी योजना के दायरे से बाहर हो जाएंगे। हालांकि इससे अधिक आयु के बेरोजगारों के लिए भत्ते का अवसर भी बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें

तू जिस लड़की से शादी करना चाहता है, उससे मैं प्यार करता हूं… राजस्थान में दुल्हन के प्रेमी ने किया कांड

9 हजार अभ्यर्थियों को मिलता है भत्ता

मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत प्रदेश में 2 लाख बेरोजगारों को युवा संबल भत्ता मिलता है। सीकर जिले में ये लाभ करीब 9 हजार अभ्यर्थियों को मिलता है। इनमें से 18 से 21 वर्ष तक के अब तक करीब 2 हजार अभ्यर्थी योजना का लाभ लेते रहे हैं।

पर अब पात्रता की न्यूनतम आयु 21 वर्ष करने से इस आयु वर्ग के युवाओं की संख्या कम हो जाएगी। चूंकि जिले में आगे भी करीब 9 हजार लोगों को योजना का लाभ मिलना जारी रहेगा। ऐसे में 21 से 35 वर्ष तक आयु के बेरोजगारों के लिए योजना का लाभ लेने के अवसर भी बढ़ेंगे।

नए आवेदन पर असर

जानकारी के अनुसार 21 वर्ष की आयु का नियम नए आवेदकों पर ही लागू होगा। कम आयु के जो बेरोजगार योजना का लाभ ले रहे हैं, उन पर इसका असर नहीं होगा। यानी उन्हें पूरे दो साल तक योजना का फायदा मिलता रहेगा।

कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के आयुक्त ऋषभ मंडल की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार योजना में अधिकतम आयु भी सामान्य वर्ग के लिए 30 तथा एससी, एसटी, ट्रांसजेंडर, महिला विशेष योग्यजनों के लिए 35 वर्ष ही यथावत रहेगी।

नया पोर्टल होगा लॉन्च

सरकार ने मुख्यमंत्री युवा संबल योजना का पुराना ईईएमएस (एंपलॉयमेंट एक्सचेंज मैनेजमेंट सिस्टम) 1.0 पोर्टल बंद कर दिया है। इसकी जगह नया 2.0 पोर्टल मई महीने में लॉन्च होना प्रस्तावित है। इस पोर्टल में नवगठित जिलों को भी शामिल किया जाएगा।

4500 रुपए तक मिलता है भत्ता

2022 से शुरू योजना के तहत राज्य सरकार पुरुष अभ्यर्थियों को 4 हजार तथा महिला, विशेष योग्यजन व ट्रांसजेंडर श्रेणी के बेरोजगारों को 4500 रुपए प्रतिमाह भत्ता देती है। भत्ते के लिए चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में इंटर्नशिप करनी होती है।

राहत: नवंबर- दिसंबर तक का हुआ भुगतान

इधर, सरकार ने योजना के तहत नवंबर- दिसंबर 2025 तक की भत्ता राशि जारी कर दी है। इसमें नवंबर महीने तक की सभी वर्गों की राशि का भुगतान कर दिया गया है तो एससी व एसटी वर्ग के युवाओं की दिसंबर महीने तक की राशि जारी की गई है।

इनका कहना है

मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत आशार्थियों की न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष कर दी गई है। इससे वास्तविक बेरोजगार युवाओं को लाभ मिलेगा। अपडेशन के बाद ईईएमएस पोर्टल भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

  • विष्णु अग्रवाल, कनिष्ठ रोजगार अधिकारी, सीकर

ये भी पढ़ें

राजस्थान के इस जिले में 15 साल में 242 पंचायतें बढ़ने से मजबूत हुआ पंचायती राज
Published on:
25 Apr 2026 03:58 pm
Also Read
View All