सीकर

Rajasthan Rain: राजस्थान में यहां मौसम ने ली अचानक करवट, सूंटे संग झमाझम बारिश, ओले भी गिरे

Rajasthan Weather Update: सीकर में दो दिन की भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात के बाद बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने के असर से शहर सहित जिलेभर में सूंटे संग तेज बारिश हुई।

2 min read
May 13, 2026
सीकर में तेज अंधड़ के बाद झमाझम बारिश हुई। फोटो पंकज पारमुवाल

Rajasthan Weather Update : सीकर। दो दिन की भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात के बाद बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने के असर से शहर सहित जिलेभर में सूंटे संग तेज बारिश हुई। सीकर शहर में महज 20 मिनट में एक इंच से ज्यादा बारिश रेकार्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसारपरिसंचरण तंत्र के असर से आगामी दिनों में मौसम में बदलाव के आसार है। जिससे आंधी, बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

सीकर में सुबह से आंशिक बादल छाने से गर्मी के तेवर नरम रहे। दोपहर बाद काली घटाएं उमड़ी और दिन में अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज हवाओं संग बारिश शुरू हो गई। करीब पन्द्रह मिनट तक हवा की इतनी तेज रफ्तार रही कि घरों में लगे टीन शेड़ उड़ गए।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Weather News : फिर बदलेगा मौसम, 15 मई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय, इन जिलों में आंधी-बारिश के आसार

बरसों पुराने पेड़ उखड़ गए और पेड़ों से मोटी टहनियां नीचे गिरने से कई पक्षी काल कलवित हो गए। मौसम के अचानक बदले मिजाज से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली, लेकिन बिजली व्यवस्था और यातायात प्रभावित हुआ। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।

जल निकासी की खुली पोल

मई माह में पहली तेज बारिश में ही नालों की सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने आ गई। कई कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। जगह-जगह सीवर का पानी सड़कों पर बहता नजर आया। नालियों का पानी ओवर फ्लो होकर सड़कों पर बहने लगा। शहर के शांति नगर, बस डिपो, सिल्वर जुबली रोड, नवलगढ़ रोड, कल्याण अस्पताल, सालासर स्टैंड सहित कई क्षेत्रों में घंटों तक पानी निकासी नहीं हो सकी।

नीमा में बारिश के साथ गिरे ओले

चूरू जिले के नीमा क्षेत्र में शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कई ग्रामीण इलाकों में हल्के ओले भी गिरे, जिससे मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश शुरू होते ही गांव की गलियों और खेतों में पानी भर गया। बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते नजर आए, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी।

आंधी-धूलभरी हवा से जनजीवन प्रभावित

झुंझुनूं में पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। बुधवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा। कभी तेज धूप निकली तो कभी बादलों ने आसमान को ढक लिया। दिनभर धूप-छांव का दौर चलता रहा। वहीं दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव आने से लोगों को तेज गर्मी, उमस और फिर धूलभरी आंधी का सामना करना पड़ा। शाम होते-होते आसमान में घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। जिला मुख्यालय झुंझुनूं समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शाम करीब पांच बजे तेज आंधी चली। आंधी के दौरान हवा के साथ उड़ी मिट्टी और धूल के गुबार से लोगों का हाल बेहाल हो गया।

ये भी पढ़ें

Weather Repoet Today: टूट गया रेकार्ड, बाड़मेर में तापमान 48.3 डिग्री, अब रात भर 8 जिलों में बारिश का अलर्ट
Published on:
13 May 2026 06:53 pm
Also Read
View All