
सीकर। जिले के रींगस कस्बे में दिनदहाड़े यूनियन बैंक के बाहर खड़ी कार से 5 लाख रपए से भरा बैग चोरी होने की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें चार बदमाश बैग लेकर ई-रिक्शा में बैठकर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रींगस थाना अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि परसरामपुरा सरगोठ निवासी रोहिताश बिजारणियां किसी बैंक संबंधी कार्य से यूनियन बैंक पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार बैंक के बाहर खड़ी की और बैंक के अंदर चले गए। कार में रखे बैग में पांच लाख रपए नकद के साथ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे।
बैंक का काम पूरा कर जब रोहिताश वापस अपनी कार के पास पहुंचे तो बैग गायब मिला। बैग में रखी बड़ी रकम और जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने रींगस थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक के बाहर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में चार युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ कार के पास आते दिखाई देते हैं। इनमें से एक युवक कार से बैग निकालता है और इसके बाद चारों ई-रिक्शा में बैठकर मौके से फरार हो जाते हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
थाना अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम बनाई गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
रींगस में दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई इस वारदात से व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और संदिग्धों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।