
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खेतड़ी-जयपुर स्टेट हाईवे पर साधु के वेश में आए एक ठग ने चमत्कार और तांत्रिक विद्या का झांसा देकर दो महिलाओं के सोने के जेवर और एक व्यक्ति की नकदी पार कर दी। आरोपी ने सोना और रुपए दोगुना करने का लालच दिया। पीड़ितों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित शिवचंद खोखर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी पतासी देवी और गोपाली देवी पत्नी हरसाराम खोखर के साथ प्रकाश खोखर के घर आयोजित लग्न समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय घसीपुरा पुलिया से करीब 100 मीटर पहले अचानक उनकी बाइक बंद हो गई। शिवचंद बाइक को दोबारा चालू करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कांवट की तरफ से एक सफेद कार वहां आकर रुकी। कार में एक युवक चालक की सीट पर था और उसके साथ साधु के वेश में एक व्यक्ति बैठा हुआ था।
कार से उतरे साधु ने दोनों महिलाओं से बातचीत शुरू की। उसने चमत्कार और तांत्रिक विद्या के जरिए सोने के जेवर दोगुने करने का दावा किया। उसकी बातों में आकर महिलाओं ने अपने सोने के गहने उतारकर उसे दे दिए। इसके बाद आरोपी आशीर्वाद देने का नाटक करने लगा। कुछ ही देर में शिवचंद भी वहां पहुंच गया।
साधु ने शिवचंद को भी अपने झांसे में ले लिया। उसने आशीर्वाद देने के बहाने शिवचंद से जेब में रखे रुपए दिखाने को कहा और उन्हें भी दोगुना करने का लालच दिया। आरोपी की बातों में आकर शिवचंद ने भी अपनी नकदी दिखा दी।
पीड़ितों के अनुसार, इसी दौरान साधु के वेश में आए ठग और उसके साथी ने महिलाओं के सोने के जेवर तथा शिवचंद की नकदी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद दोनों सफेद कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़ितों को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उन्हें किस तरह अपने झांसे में लिया, इसका पता तक नहीं चला।
घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साधु के वेश में ठगी करने वाले आरोपी तथा उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।