
सीकर। राजस्थान के 309 निकायों में नामांकन का आज अंतिम दिन है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ माला पहनकर और नारेबाजी करते हुए नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं। इसी बीच सीकर जिले के फतेहपुर से बड़ी खबर सामने आई है। नामांकन के दौरान कुछ बदमाशों ने एक पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 3 लोग घायल हो गए। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से चुनावी माहौल के बीच हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 15 के प्रत्याशी कांग्रेस की टिकट पर फॉर्म भर कर बाहर निकले। तभी एसडीएम कार्यालय के बाहर नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस प्रत्याशी और उनमे समर्थकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को राजकीय धानुका अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले में घायल लोगों और समर्थकों का आरोप है कि घटना के वक्त एसडीएम कार्यालय के बाहर पुलिस की माकूल व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में
नकाबपोश बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और पुलिस के पहुंचने से पहले भी भाग छूटे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। इस घटना के बाद मौके पर हालात तनावपूर्ण बने हुए है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
बता दें कि नगर निकाय चुनाव में नामांकन का आज आखिरी दिन है। दोपहर तीन बजे तक दाखिल किए जाएंगे। ऐसे में नामांकन भरने के लिए आने वाले प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। नामांकन फॉर्म की जांच मंगलवार सुबह ग्यारह बजे से होगी। वहीं गुरुवार को तीन बजे तक दावेदारी वापस लेने का मौका रहेगा। वहीं चार अगस्त को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगी। इसके बाद चुनाव मैदान में डटने वाले प्रत्याशियों की वार्ड के हिसाब से सूची जारी होगी।