
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में मर्डर का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जीणमाता थाना इलाके में पति ने ही अपनी पत्नी की वाहन से कुचलकर हत्या कर दी। यह मामला कोछोर गांव की सिखवालों की ढाणी का है। आरोप है कि आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या की। मामले में मृतका के छोटे बेटे नेमीचंद (27) ने अपने पिता चुन्नीलाल के खिलाफ जीणमाता थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार चुन्नीलाल ने छोटे बेटे की शादी के लिए करीब 15 लाख रुपए का कर्ज लिया था। आर्थिक तंगी के चलते वह कर्ज चुकाने के लिए गाय बेचना चाहता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इस पर गुस्साए पति ने लोडिंग वाहन से टक्कर मारकर अपनी ही पत्नी की जान ले ली। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। छोटे बेटे की शादी के लिए लिए गए करीब 15 लाख रुपए के कर्ज को चुकाने के लिए आरोपी पति गाय बेचना चाहता था, लेकिन पत्नी के विरोध करने पर उसने आवेश में आकर लोडिंग वाहन से टक्कर मारकर उसकी जान ले ली।
जीणमाता थानाधिकारी राकेश कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी चुन्नीलाल लोडिंग वाहन चलाता है। बुधवार को गाय बेचने के विरोध को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने पत्नी चुकी देवी को लोडिंग वाहन से टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से ही आरोपी गांव में नहीं मिला है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटाई गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। ।
इधर, पुलिस ने गुरुवार को मृतका चुकी देवी का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है। दिवाली से पहले हुई इस वारदात से हर कोई हैरान है। फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।